गूगल का नया फीचर, अब प्ले स्टोर पर पब्लिक किए बिना चला सकेंगे अपने ऐप
क्या है खबर?
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है। इसकी मदद से लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से अपने ऐप बना सकेंगे और उन्हें फोन पर चला सकेंगे। इसके लिए ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर सभी लोगों के लिए जारी करना जरूरी नहीं होगा। यूजर्स अपने गूगल अकाउंट से इन ऐप्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। ये ऐप स्टोर पर सर्च करने से नहीं मिलेंगे और इन्हें सिर्फ बनाने वाला व्यक्ति ही देख सकेगा।
फीचर
AI की मदद से आसानी से बना सकेंगे ऐप
गूगल के इस फीचर की मदद से यूजर्स AI स्टूडियो के जरिए अपनी जरूरत के हिसाब से ऐप बना सकेंगे।
इसके लिए कोडिंग की ज्यादा जानकारी होना जरूरी नहीं है। AI की मदद से ऐप तैयार करने के इस तरीके को वाइब कोडिंग कहा जाता है। हालांकि, बनाए गए ऐप्स को गूगल प्ले के नियमों का पालन करना होगा।
शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका में 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध होगी।
सुविधा
दोस्तों और परिवार के साथ भी साझा कर सकेंगे ऐप
गूगल जल्द अपने बनाए ऐप दोस्तों और परिवार के साथ साझा करने की सुविधा देगी।
इससे लोग अपनी जरूरत के हिसाब से ऐप बनाकर कुछ खास लोगों को इस्तेमाल करने के लिए दे सकेंगे। उदाहरण के लिए, परिवार या बच्चों के किसी खेल समूह के लिए ऐप बनाया जा सकता है।
अगर कोई ऐप लोकप्रिय हो जाता है, तो उसे गूगल प्ले स्टोर पर सभी लोगों के लिए जारी किया जा सकेगा। इसके लिए सुरक्षा जांच पूरी करनी होगी।
अन्य
गेम खोजने और ऐप की तुलना करने के नए फीचर
गूगल प्ले स्टोर में गेम खोजने और ऐप की तुलना करने के लिए भी नए फीचर जोड़े जा रहे हैं।
गेम फाइंडर यूजर्स की पसंद के हिसाब से गेम सुझाएगा। वहीं, आस्क प्ले फीचर की मदद से लोग एक जैसे ऐप्स के बीच अंतर जान सकेंगे। गूगल गेम खेलने वालों के लिए नए पोस्ट और 48 घंटे की चुनौतियां भी लाएगा।
माता-पिता बच्चों की सही जन्मतिथि बताए बिना उनकी उम्र के हिसाब से ऐप इस्तेमाल करने की सुविधा दे सकेंगे।