LOADING...
गूगल ने लॉन्च किया नया जेम्मा 4 12B AI मॉडल, क्या है इसकी खासियत?
गूगल ने पेश किया नया जेम्मा 4 12B मॉडल

गूगल ने लॉन्च किया नया जेम्मा 4 12B AI मॉडल, क्या है इसकी खासियत?

Jun 04, 2026
11:01 am

क्या है खबर?

गूगल ने अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल जेम्मा 4 12B पेश किया है, जिसे लैपटॉप जैसे साधारण डिवाइस पर उन्नत AI क्षमताएं उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल मल्टीमॉडल और एजेंट आधारित कामों को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। यह जेम्मा 4 परिवार के छोटे और बड़े मॉडल के बीच की कड़ी है। खास बात यह है कि इसमें पहली बार ऑडियो इनपुट की सुविधा भी दी गई है।

प्रदर्शन

कम मेमोरी में देगा बेहतर प्रदर्शन

कंपनी के अनुसार, जेम्मा 4 12B को केवल 16GB मेमोरी वाले लैपटॉप पर भी चलाया जा सकता है। इसके बावजूद यह कई मामलों में बड़े जेम्मा 4 26B मॉडल के करीब प्रदर्शन देने में सक्षम है। गूगल का कहना है कि यह मॉडल जटिल सवालों को समझने, कई चरणों में सोचने और एजेंट आधारित कार्यों को पूरा करने में मदद करेगा। इससे डेवलपर्स को साधारण हार्डवेयर पर भी उन्नत AI सुविधाएं इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

प्रोसेस

ऑडियो और विजन को करेगा सीधे प्रोसेस

जेम्मा 4 12B की सबसे बड़ी खासियत इसका नया आर्किटेक्चर है। पारंपरिक AI मॉडल की तरह इसमें अलग ऑडियो या विजन एन्कोडर नहीं दिए गए हैं। इसके बजाय, तस्वीरों और ऑडियो को सीधे मुख्य AI सिस्टम में भेजा जाता है। गूगल का दावा है कि इससे प्रोसेसिंग तेज होती है और मेमोरी की खपत भी कम होती है। कंपनी ने विजन और ऑडियो प्रोसेसिंग को सरल बनाकर मॉडल को अधिक कुशल बनाने का प्रयास किया है।

Advertisement

मॉडल

डेवलपर्स के लिए मुफ्त और खुला मॉडल

गूगल ने जेम्मा 4 12B को अपाचे 2.0 लाइसेंस के तहत जारी किया है, जिससे डेवलपर्स इसे आसानी से इस्तेमाल और विकसित कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, जेम्मा मॉडल परिवार को अब तक 15 करोड़ से अधिक डाउनलोड मिल चुके हैं। नया मॉडल मल्टी-टोकन प्रेडिक्शन तकनीक के साथ आता है, जिससे जवाब देने की गति बेहतर होती है। गूगल को उम्मीद है कि डेवलपर्स इस मॉडल का उपयोग कई नए AI आधारित उत्पाद और सेवाएं बनाने में करेंगे।

Advertisement