याद नहीं हैं गाने के लिरिक्स तो गुनगनाएं धुन, गूगल आपको बताएगा कौन सा है गाना
क्या है खबर?
गूगल ने लोगों की सुविधा को बढ़ाने के लिए एक नया फीचर्स ऐड किया है।
इसकी मदद से अब लोग उस गाने का पता लगा सकते हैं, जिसके बोल यानी लिरिक्स उन्हें याद नहीं हैं।
कई बार ऐसा होता है कि आप खुद कोई धुन गुनगुनाने लगते हैं और आपको याद नहीं आता कि वह किस गाने की है।
अब गूगल इसमें भी आपकी मदद करेगी। वह धुन के आधार पर ही आपको गाना बता देगी।
आइए जानें, कैसे।
जानकारी
कई भाषाओं में हैं उपलब्ध
अगर यूजर सही पिच में धुन को नहीं गुनगुनाते हैं तब भी गूगल की मशीन लर्निंग एल्गोरिद्म उसके जैसे सभी गाने सर्च में दिखा देता है।
अभी यह सुविधा अंग्रेजी में iOS पर और 20 से भी अधिक भाषाओं में एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए उपलब्ध है।
हालांकि कंपनी भविष्य में इसे और अधिक भाषाओं में उपलब्ध करवा सकती है।
गूगल ने इस फीचर की जानकारी अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर दी है।
अन्य ऐप
गूगल के अलावा अन्य ऐप भी देती हैं सुविधा
यूट्यूब पर वीडियो जारी करने के अलावा कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है।
बता दें कि गूगल के अलावा भी अन्य कई ऐप्स ट्यून फाइंड आदि हैं जो इस तरह की सुविधा देती हैं, लेकिन अब यूजर्स को किसी थर्ड पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वे अपने स्मार्टफोन में मोजूद गूगल असिस्टेंट की मदद से ही धुन के आधार पर ही आसानी से गाना सर्च कर सकते हैं।
तरीका
ऐसे करें इसका उपयोग
यूजर्स नई सुविधा का लाभ विभिन्न तरीकों से उठा सकते हैं।
यूजर्स गूगल ऐप पर जाकर माइक आइकन पर टैप कर इस फीचर का उपयोग कर सकते हैं।
इसके अलावा वे गूगल असिस्टेंट की मदद ले सकते हैं। गूगल असिस्टेंट पर जाएं और पहले बोलें 'व्हाट इज दिस सॉन्ग' और उसकी धुन गुनगुनाएं।
आपको स्क्रीन पर एक लाइन बनीं दिखाई देगी। उसके पूरे होने तक धुन गुनगुनाते रहें।
गूगल असिस्टेंट आपको उससे मिलते-झुलते सारे गाने दिखा देगा।
गूगल मीट
गूगल मीट में भी किए गए बदलाव
गूगल लगातार लोगों की सुविधा के लिए नए-नए फीचर्स ला रही है।
अभी हाल ही में उसने अपनी वीडियो कॉलिंग ऐप गूगल मीट में कई बदलाव किए हैं।
इसके जरिये अब छात्र आसानी से ऑनलाइन पढ़ाई कर पाएंगे।
उन्हें सवाल-जवाब और पोल जैसे कई ऑप्शन्स मिलेंगे। साथ ही छात्र अपने पसंद के टॉपिक को वोट भी कर पाएंगे।
इसके अलावा गूगल ने एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए कई नए फीचर्स रोल आउट किए हैं।