गूगल ने अपना नया AI मॉडल 'जेमिनी एम्बेडिंग 2' किया लॉन्च, क्या है इसकी खासियत?
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ा एक नया मॉडल लॉन्च किया है, जिसका नाम जेमिनी एम्बेडिंग 2 है। यह गूगल का पहला पूरी तरह मल्टीमॉडल एम्बेडिंग मॉडल है। कंपनी के अनुसार यह मॉडल टेक्स्ट, इमेज, ऑडियो और वीडियो जैसी अलग-अलग तरह की जानकारी को एक साथ समझ सकता है। इससे AI सिस्टम के लिए जानकारी को समझना और उस पर काम करना पहले की तुलना में ज्यादा आसान हो जाएगा।
खासियत
एक ही सिस्टम से कई तरह की जानकारी समझेगा
जेमिनी एम्बेडिंग 2 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अलग-अलग फॉर्मेट की जानकारी को एक ही सिस्टम में प्रोसेस कर सकता है। आमतौर पर AI मॉडल टेक्स्ट, इमेज और वीडियो को अलग-अलग तरीके से समझते हैं, लेकिन यह नया मॉडल इन्हें एक साथ समझने में सक्षम है। इसका मतलब है कि अगर किसी डॉक्यूमेंट में टेक्स्ट और इमेज दोनों हों तो यह उन्हें एक साथ प्रोसेस कर सकता है।
भाषा
कई भाषाओं और फॉर्मेट का मिलेगा सपोर्ट
गूगल के अनुसार, यह AI मॉडल 100 से ज्यादा भाषाओं में काम कर सकता है और कई तरह के डेटा फॉर्मेट को सपोर्ट करता है। यह मॉडल टेक्स्ट के साथ इमेज, ऑडियो और वीडियो को भी प्रोसेस कर सकता है। इसमें 8,192 इनपुट टोकन तक की टेक्स्ट कॉन्टेक्स्ट विंडो दी गई है। इसके अलावा, यह PNG और JPEG इमेज, MP4 और MOV वीडियो और ऑडियो डेटा को भी समझने में सक्षम है।
उपलब्धता
फिलहाल पब्लिक प्रीव्यू में उपलब्ध मॉडल
गूगल ने बताया कि जेमिनी एम्बेडिंग 2 फिलहाल पब्लिक प्रीव्यू में उपलब्ध कराया गया है। डेवलपर्स इसे जेमिनी API और वर्टेक्स AI प्लेटफॉर्म के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल सिमेंटिक सर्च, डाटा एनालिसिस और रिट्रीवल ऑगमेंटेड जेनरेशन जैसे कई कामों को बेहतर बनाने में मदद करेगा। इससे AI सिस्टम जटिल डेटा को ज्यादा सटीक तरीके से समझ पाएंगे। मॉडल का फुल वर्जन जल्द सभी के लिए उपलब्ध होगा।