गूगल ने भारत में लॉन्च किया जेमिनी स्पार्क, जानिए क्या करता है काम
गूगल ने भारत में अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट जेमिनी स्पार्क लॉन्च कर दिया है। यह आम असिस्टेंट की तरह नहीं है, जो सिर्फ आपके कहने पर ही कोई काम करता हो।
इसकी खासियत यह है कि यह पहले से ही समझ लेता है कि आपको क्या चाहिए और उस हिसाब से आपकी मदद के लिए तैयार रहता है।
जेमिनी 3.6 फ्लैश तकनीक पर चलने वाला यह AI एजेंट जीमेल, डॉक्स, कैलेंडर और अन्य थर्ड-पार्टी ऐप्स के साथ भी आसानी से जुड़कर काम करता है।
प्रोजेक्ट और चैट अपडेट्स खुद संभालेगा
यह आपके प्रोजेक्ट्स को मैनेज कर सकता है, आपकी समय-सारणी को व्यवस्थित रख सकता है और अपडेट्स भी खुद ही संभाल लेता है।
हालांकि, किसी भी संवेदनशील या निजी काम के लिए यह पहले आपसे इजाजत लेगा। गूगल में AI प्रोडक्ट लीडर एडम कोइम्ब्रा के मुताबिक, इसका पूरा आइडिया आपकी जरूरतों को पहले से समझना है।
यह गूगल चैट जैसे प्लेटफॉर्म से अपडेट्स लेकर लंबे समय से चल रहे कामों को सही दिशा में आगे बढ़ाने में मदद करता है।
कितनी है जेमिनी स्पार्क प्लान की कीमत?
जेमिनी स्पार्क गूगल के AI प्रो और अल्ट्रा प्लांस के तहत उपलब्ध होगा। इसकी मासिक कीमत 1,950 रुपये से 19,500 रुपये के बीच रखी गई है, जो स्टोरेज क्षमता और उपयोग के आधार पर तय होगी।
यह मुख्य रूप से बड़े व्यवसायों और अधिक उपयोग करने वाले यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। दुनियाभर में स्मार्ट वर्कफ्लो टूल्स की बढ़ती मांग को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि जेमिनी स्पार्क जैसे AI एजेंट हमारी कार्यप्रणाली का एक अहम हिस्सा बन जाएंगे।