जेमिनी 4 के लिए नया AI मॉडल 'हाइड्रोजन' तैयार कर रही गूगल
क्या है खबर?
गूगल अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल की रेंज में एक और नाम जोड़ने की तैयारी में है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी हाइड्रोजन नाम के नए मॉडल को टेस्ट कर रही है। अभी इसका इस्तेमाल केवल गूगल के इंजीनियर कर पा रहे हैं। इसके लिए कंपनी के अपने डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म जेटस्की का उपयोग किया जा रहा है। शुरुआती परीक्षण के बाद इसे आम लोगों के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
खासियत
कम समय और कम संसाधनों में करेगा काम
गूगल के एक इंजीनियर ने आंतरिक मैसेज में इस मॉडल की तारीफ करते हुए इसे तेज, सक्षम और कम संसाधनों में काम करने वाला बताया है।
इस जानकारी के आधार पर माना जा रहा है कि हाइड्रोजन को जेमिनी फ्लैश श्रेणी में रखा जा सकता है। इस श्रेणी के मॉडल रोजमर्रा के काम जल्दी पूरा करने और खर्च कम रखने के लिए बनाए जाते हैं।
हालांकि, नए मॉडल की असली क्षमता और इस्तेमाल की कीमत अभी स्पष्ट नहीं है।
लॉन्च
आर्गन और कार्बन के बाद आ सकता है हाइड्रोजन
गूगल के जेमिनी 4 मॉडल परिवार में अभी आर्गन और कार्बन नाम के 2 मॉडल शामिल बताए जा रहे हैं।
आर्गन आम यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जबकि कार्बन का इस्तेमाल फिलहाल कुछ चुनिंदा संस्थानों तक सीमित है। आर्गन को जेमिनी ऐप और गूगल सर्च के AI मोड में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके जरिए यूजर्स ऑनलाइन सामान मंगाने और रेस्तरां में जगह बुक करने जैसे काम कर सकते हैं।
अन्य
AI कंपनियां घटा रही हैं मॉडल चलाने का खर्च
हाइड्रोजन पर काम ऐसे समय हो रहा है, जब टेक कंपनियां कम लागत वाले AI मॉडल बनाने पर ध्यान दे रही हैं।
कई कंपनियां AI सेवाओं पर होने वाले खर्च को सीमित कर रही हैं। गूगल के अनुसार, जेमिनी ऐप के एक अरब से ज्यादा सक्रिय यूजर्स हैं। इससे पहले कंपनी ने जेमिनी 3.5 प्रो को जारी करने की योजना भी रोक दी थी।
यह मॉडल आंतरिक कोडिंग परीक्षणों में तय स्तर तक प्रदर्शन नहीं कर पाया था।