गूगल I/O 2026 में नया AI फोटो एडिटिंग ऐप 'गूगल पिक्स' लॉन्च, कैनवा को मिलेगी टक्कर
क्या है खबर?
गूगल I/O 2026 इवेंट में कंपनी ने 'गूगल पिक्स' नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इमेज एडिटिंग ऐप भी लॉन्च किया है। कंपनी के अनुसार, यह ऐप जेनरेटिव AI और एडवांस फोटो एडिटिंग टूल्स को साथ जोड़ता है। इसमें यूजर्स तस्वीरों के अलग-अलग हिस्सों को बदल, बड़ा या छोटा कर सकेंगे। गूगल का कहना है कि यह ऐप फोटो एडिटिंग को पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट बनाने के लिए तैयार किया गया है।
क्षमता
फोटो के अंदर टेक्स्ट भी बदल सकेंगे
गूगल ने बताया कि गूगल पिक्स में यूजर्स तस्वीरों के अंदर मौजूद टेक्स्ट को सीधे बदल सकेंगे। कंपनी के अनुसार, लोग टेक्स्ट को दूसरी भाषाओं में ट्रांसलेट भी कर पाएंगे और ऐप उसी फॉन्ट स्टाइल और साइज को बनाए रखेगा। यह फीचर पोस्टर, सोशल मीडिया डिजाइन और दूसरे विजुअल कंटेंट तैयार करने में मदद करेगा। नया ऐप स्लाइड्स और ड्राइव जैसे वर्कस्पेस प्लेटफॉर्म के साथ भी काम करेगा, जिससे एडिटिंग और डिजाइनिंग का काम आसान हो सकेगा।
टक्कर
कैनवा को मिल सकती है टक्कर
गूगल के नए ऐप को कैनवा जैसे डिजाइन प्लेटफॉर्म के लिए चुनौती माना जा रहा है। गूगल पिक्स यूजर्स को AI की मदद से तेजी से डिजाइन और एडिटिंग करने की सुविधा देगा। इसमें ऑब्जेक्ट सेगमेंटेशन फीचर भी दिया गया है, जिससे फोटो के अलग-अलग हिस्सों को आसानी से बदला जा सकेगा। फिलहाल यह ऐप कुछ चुनिंदा टेस्टर्स के लिए शुरू किया गया है। आने वाले समय में इसे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
वर्कस्पेस
वर्कस्पेस ऐप्स में भी आए नए फीचर
गूगल ने I/O 2026 के दौरान वर्कस्पेस ऐप्स के लिए भी नए AI अपडेट की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि AI इनबॉक्स फीचर अब अमेरिका में गूगल AI प्लस और प्रो सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। यह फीचर जरूरी ईमेल और समय से जुड़े कामों को प्राथमिकता देने में मदद करेगा। गूगल ने इसमें पर्सनलाइज्ड रिप्लाई और तेज फाइल एक्सेस जैसे फीचर भी जोड़े हैं।