गूगल I/O 2026 में नया AI वीडियो मॉडल जेमिनी ओमनी हुआ पेश, क्या है इसकी खासियत?
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने आज (19 मई) अपने I/O 2026 इवेंट में नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो मॉडल 'जेमिनी ओमनी' को पेश किया है। गूगल डीपमाइंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेमिस हसाबिस ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह मॉडल वीडियो बनाने और एडिट करने में मदद करेगा। कंपनी के अनुसार, यह तकनीक वर्ल्ड मॉडल्स पर आधारित है। इससे यूजर्स को AI की मदद से तेज और आसान वीडियो एडिटिंग का नया अनुभव मिल सकता है।
खासियत
आवाज से बदले जा सकेंगे वीडियो
गूगल के नए जेमिनी ओमनी मॉडल में कन्वर्सेशनल एडिटिंग फीचर दिया गया है।इसकी मदद से यूजर्स सिर्फ आवाज के जरिए वीडियो में बदलाव कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, लोग वॉइस कमांड देकर कैरेक्टर, बैकग्राउंड और दूसरे एलिमेंट्स बदल पाएंगे। इससे वीडियो एडिटिंग पहले से ज्यादा आसान हो सकती है। यह मॉडल अलग-अलग तरह के इनपुट को समझकर जरूरत के हिसाब से आउटपुट तैयार करने की क्षमता रखता है। इससे कंटेंट बनाने का तरीका काफी बदल सकता है।
समझ
टेक्स्ट, ऑडियो और वीडियो सब समझेगा मॉडल
गूगल ने बताया कि जेमिनी ओमनी सिर्फ टेक्स्ट या फोटो तक सीमित नहीं रहेगा। यह वीडियो, ऑडियो, इमेज और टेक्स्ट जैसे कई इनपुट को एक साथ समझ सकेगा। कंपनी के अनुसार, यूजर्स किसी वीडियो को रिकॉर्ड करके उसमें बदलाव करने के लिए सीधे AI को निर्देश दे सकेंगे। इससे वीडियो के सीन, माहौल, स्टाइल और दूसरी चीजें आसानी से बदली जा सकेंगी। गूगल का कहना है कि यह वीडियो एडिटिंग को पहले से ज्यादा स्मार्ट और आसान बना सकती है।
एलिमेंट
वीडियो में जोड़े जा सकेंगे नए एलिमेंट
गूगल के अनुसार, जेमिनी ओमनी की मदद से वीडियो में नए कैरेक्टर, ऑब्जेक्ट और अलग-अलग विजुअल इफेक्ट भी जोड़े जा सकेंगे। कंपनी ने बताया कि यह मॉडल फिजिक्स से जुड़ी चीजों जैसे गुरुत्वाकर्षण और गति को बेहतर तरीके से समझता है। इससे वीडियो ज्यादा वास्तविक दिखाई देंगे। गूगल का कहना है कि यह मॉडल इतिहास, विज्ञान और सांस्कृतिक जानकारी को भी समझ सकता है। इससे यूजर्स को ज्यादा रियलिस्टिक और कहानी आधारित वीडियो तैयार करने में मदद मिल सकती है।
डिजिटल अवतार
यूजर्स बना सकेंगे अपना डिजिटल अवतार
गूगल ने बताया कि जेमिनी ओमनी यूजर्स को अपनी आवाज और चेहरे के आधार पर डिजिटल अवतार बनाने की सुविधा भी देगा। यह अवतार वीडियो में यूजर की तरह दिख और बोल सकेगा। कंपनी का कहना है कि इस फीचर के साथ सुरक्षा और प्राइवेसी का खास ध्यान रखा जाएगा। गूगल सभी वीडियो में सिंथ ID डिजिटल वॉटरमार्क भी जोड़ेगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वीडियो AI की मदद से तैयार किया गया है या नहीं।
उपलब्धता
इस हफ्ते से शुरू होगी नई सुविधा
जेमिनी ओमनी फ्लैश नाम का पहला मॉडल रोल आउट किया जा रहा है। यह जेमिनी ऐप, गूगल फ्लो और यूट्यूब शॉर्ट्स जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। कंपनी ने बताया कि यह सुविधा गूगल AI प्लस, प्रो और अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स के लिए शुरू की जा रही है। इसके साथ ही, यूट्यूब क्रिएट ऐप में भी यह फीचर आने वाला है। गूगल का कहना है कि आने वाले समय में यह तकनीक वीडियो कंटेंट बनाने के तरीके को काफी बदल सकती है।