LOADING...
गूगल ने नया AI सिस्टम जेमिनी इंटेलिजेंस किया पेश, क्या है इसकी खासियत?
गूगल ने नया AI सिस्टम जेमिनी इंटेलिजेंस किया पेश

गूगल ने नया AI सिस्टम जेमिनी इंटेलिजेंस किया पेश, क्या है इसकी खासियत?

May 12, 2026
11:10 pm

क्या है खबर?

गूगल ने एंड्रॉयड शो 2026 I/O एडिशन के दौरान 'जेमिनी इंटेलिजेंस' नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह फीचर फोन पर कई मुश्किल काम खुद करने में मदद करेगा। गूगल इसे कंप्यूटर यूज एजेंट की तरह बता रही है, जो अलग-अलग ऐप्स को समझकर कई स्टेप वाले काम पूरे कर सकता है। इससे यूजर्स को बार-बार फोन चलाने और छोटे काम खुद करने की जरूरत काफी कम हो सकती है।

खासियत

कई ऐप्स पर खुद करेगा जरूरी काम

गूगल का कहना है कि उसने इस सिस्टम को बेहतर बनाने में करीब 5 महीने लगाए हैं। जेमिनी इंटेलिजेंस फोन के लोकप्रिय ऐप्स में जाकर खुद जरूरी काम कर सकेगा। उदाहरण के तौर पर, यह जीमेल में किसी क्लास का सिलेबस पढ़कर जरूरी किताबें ऑनलाइन शॉपिंग कार्ट में जोड़ सकता है। यह सिस्टम अलग-अलग ऐप्स के बीच काम को जोड़कर तेजी से पूरा करेगा, जिससे यूजर्स का समय बचेगा और फोन इस्तेमाल करना पहले से आसान हो जाएगा।

अन्य खासियत

स्क्रीन और तस्वीर देखकर समझेगा जानकारी

जेमिनी इंटेलिजेंस की एक बड़ी खासियत यह है कि यह फोन स्क्रीन और तस्वीरों से भी जानकारी समझ सकता है। गूगल ने बताया कि अगर कोई यूजर होटल का ट्रैवल ब्रोशर देख रहा हो, तो वह जेमिनी से उसी तरह का टूर ऑनलाइन खोजने को कह सकता है। इसके बाद सिस्टम खुद एक्सपीडिया जैसे प्लेटफॉर्म पर जाकर जानकारी ढूंढेगा। कंपनी का कहना है कि इससे फोन पर सर्च, बुकिंग और दूसरी ऑनलाइन गतिविधियां ज्यादा आसान और तेज हो जाएंगी।

Advertisement

सुरक्षा

यूजर की मंजूरी के बाद ही करेगा काम

गूगल ने साफ किया है कि जेमिनी इंटेलिजेंस बिना यूजर की अनुमति के कोई काम शुरू नहीं करेगा। अगर सिस्टम किसी चीज की खरीदारी करेगा, तो पहले यूजर से पुष्टि मांगी जाएगी। यूजर यह भी तय कर सकेंगे कि AI को कौन सा डाटाटा एक्सेस करने की अनुमति मिले। कंपनी जल्द ही इसे नए पिक्सल और सैमसंग गैलेक्सी फोन में लाने की तैयारी कर रही है। अब देखना होगा कि लोग इस AI सिस्टम पर कितना भरोसा कर पाते हैं।

Advertisement