
गूगल ने नया AI वीडियो टूल 'फ्लो' किया पेश, फिल्म बनाने में होगा मददगार
क्या है खबर?
गूगल I/O 2025 में फ्लो नामक एक नया AI टूल लॉन्च किया गया है, जो टेक्स्ट या इमेज इनपुट से स्टाइलिश वीडियो बनाने में मदद करता है।
फ्लो खास तौर पर फिल्म बनाने वालों और क्रिएटिव लोगों के लिए तैयार किया गया है, जिससे वे बिना बड़ी टीम या महंगे उपकरण के अच्छे सिनेमैटिक वीडियो बना सकें।
यह गूगल के वीओ, इमेजन और जेमिनी जैसे उन्नत AI मॉडल्स के साथ मिलकर काम करता है।
सुविधाएं
सीनबिल्डर और कैमरा कंट्रोल जैसी खास सुविधाएं
फ्लो में कई एडवांस फीचर हैं जैसे सीनबिल्डर, जिससे यूज़र अपने शॉट को एडिट और एक्सटेंड कर सकते हैं। इसमें कैमरा नियंत्रण की सुविधा भी है, जिससे एंगल, गति और नजरिया तय किया जा सकता है।
यूजर विजुअल रेफरेंस अपलोड कर सकते हैं, ताकि वीडियो में स्थिरता बनी रहे। यह फीचर्स उन्हें AI पर पूरी तरह निर्भर होने की बजाय अपनी रचनात्मक सोच के अनुसार काम करने की आजादी देते हैं।
प्लान
फ्लो टीवी और प्रो-उल्ट्रा प्लान की जानकारी
फ्लो अभी अमेरिका में AI प्रो और अल्ट्रा प्लान वाले यूजर्स को मिल रहा है। प्रो प्लान में महीने में 100 वीडियो बनाने की सुविधा है, जबकि अल्ट्रा प्लान में वीओ 3 और और भी फीचर जल्दी मिलते हैं।
गूगल ने फ्लो टीवी नाम से एक शोकेस भी बनाया है, जहां यूजर अन्य लोगों की बनाई गई वीडियो क्लिप्स और उनके प्रॉम्प्ट देख सकते हैं और नई चीजें सीख सकते हैं।