गूगल ने आउटसाइडर फिशिंग किट बनाने वालों के खिलाफ कसा शिकंजा
गूगल ने 'आउटसाइडर' नाम के एक फिशिंग किट बनाने वालों पर मुकदमा दायर किया है। यह किट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके विश्वसनीय वेबसाइट्स की नकल बनाता है और लोगों को उनकी निजी जानकारी देने के लिए झांसा देता है।
कंपनी का कहना है कि आउटसाइडर ने यूजर्स को जेमिनी और दूसरे AI टूल्स की मदद से फिशिंग वेबसाइट्स तैयार करने के लिए विस्तृत निर्देश दिए थे। सिर्फ 6 महीनों में गूगल को इस किट से जुड़े 15 लाख से भी ज्यादा संदिग्ध URLs मिले हैं।
FBI और टेलीकॉम कंपनियों के साथ हाथ मिलाया
माना जा रहा है कि ये अज्ञात साइबर अपराधी चीन से अपना काम कर रहे हैं। इन पर गूगल की क्लाउड और ड्राइव जैसी सेवाओं का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है। इन्होंने लोगों को ठगने के लिए गूगल के नकली ट्रेडमार्क का भी इस्तेमाल किया।
अब गूगल चाहता है कि 'आउटसाइडर' को पूरी तरह बंद कर दिया जाए। इसी मकसद से उसने FBI के साथ-साथ AT&T और वेराइजन जैसी बड़ी टेलीकॉम कंपनियों के साथ हाथ मिलाया है, ताकि इस पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके।