गूगल ने जेमिनी AI ऐप को दिया नया रूप, जानिए इसमें क्या है नया
क्या है खबर?
गूगल ने अपने वार्षिक I/O डेवलपर सम्मेलन में जेमिनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऐप के लिए कई अपडेट पेश किए। सबसे बड़ा बदलाव इसमें 'न्यूरल एक्सप्रेसिव' नामक एक नई डिजाइन शैली इस्तेमाल की जा रही है। इस अपडेट से ऐप को एक नया इंटरफेस मिला है, जिसमें ताजा टाइपोग्राफी, बेहतर एनिमेशन और हैप्टिक फीडबैक शामिल हैं। कंपनी ने बेहतर यूजर अनुभव के लिए जेमिनी लाइव को मुख्य जेमिनी अनुभव में शामिल किया है।
बेहतर अनुभव
ऐप का इस्तेमाल करना होगा और मजेदार
जेमिनी ऐप के नए डिजाइन से यूजर आसानी से टाइप करके या चैटबॉट से बातचीत कर सकेंगे। गूगल जेमिनी की क्षमताओं में क्षेत्रीय भाषाएं भी जोड़ रहा है। कंपनी इसके जवाबों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए उनमें चित्र, ग्राफिक्स और यहां तक कि वीडियो भी शामिल कर रही है। इस तरह, उपयोगकर्ताओं को अब लंबे-लंबे टेक्स्ट पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही जेमिनी ऐप में नए एजेंट जोड़े जा रहे हैं।
एजेंट
डेली ब्रीफ एजेंट पेश
गूगल ने डेली ब्रीफ नाम का एक नया AI एजेंट भी लॉन्च किया है। चालू होने पर यह एजेंट आपके सभी कनेक्टेड ऐप्स जैसे- जीमेल और कैलेंडर से बैकग्राउंड में डाटा इकट्ठा करके आपको दिनभर की गतिविधियों और लंबित मैसेजों का सारांश देगा। कंपनी ने ऐप में ही जेमिनी ओम्नी भी लॉन्च किया है, जो टेक्स्ट प्रॉम्प्ट, इमेज और आपके द्वारा अपलोड किए गए वीडियो का उपयोग करके वीडियो आउटपुट तैयार करता है।