सुंदर पिचई ने कहा- AI नौकरियां नहीं लेगा, बल्कि नए दरवाजे खोल रहा
गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आपकी नौकरियां लेने नहीं आया है, बल्कि आपके लिए नए दरवाजे खोल रहा है।
हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने AI को एक 'शक्तिशाली इक्वलाइजर' बताया, जिसका मतलब है कि यह सबके लिए समान मौके पैदा करेगा।
पिचाई का कहना है कि AI आज के ऑफिस में वही बदलाव ला सकता है, जैसा पहले डिजिटल स्प्रेडशीट्स ने फाइनेंस के क्षेत्र में किया था।
उन्होंने खासकर इस बात पर जोर दिया कि AI की मदद से कोडिंग जैसी स्किल सीखना बहुत आसान हो जाएगा। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग सॉफ्टवेयर विकास जैसे क्षेत्र में अपना करियर बना पाएंगे।
AI से हेल्थकेयर में तनाव होगा कम
पिचई ने यह भी बताया कि AI से बर्नआउट कम हो सकता है और उत्पादकता बढ़ सकती है, खासकर हेल्थकेयर जैसे ज्यादा दबाव वाले क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा होगा।
AI अगर, रोजमर्रा के प्रशासनिक काम संभालेगा तो चिकित्सकों और स्टाफ के पास मरीजों की देखभाल करने के लिए ज्यादा समय बचेगा।
उन्होंने यह भी माना कि आगे चलकर कुछ मुश्किलें जरूर आएंगी, लेकिन उन्होंने सबको सलाह दी कि वे AI के मौकों को देखें और उसका इस्तेमाल समझदारी से करें।