गूगल ने एंड्रॉयड समेत कई डिवाइस के लिए जारी किया अगस्त का सिस्टम अपडेट
गूगल ने अगस्त के अपने नए सिस्टम अपडेट्स की घोषणा की है। इन अपडेट्स में एंड्रॉयड फोन, वियर OS वॉच, गूगल और एंड्रॉयड टीवी, एंड्रॉयड ऑटो और पर्सनल कंप्यूटर (PC) के लिए कई नए फीचर्स शामिल होंगे।
ये अपडेट प्ले स्टोर से लेकर डिवाइस की सुरक्षा तक कई अहम बदलाव लाएंगे, जिन्हें धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
अपडेट में मिलेंगी ये सुविधाएं
प्ले स्टोर में अब आसान ब्राउजिंग के लिए खास ऐप बंडल्स मिलेंगे। साथ ही 'आस्क प्ले' के अंदर ही वीडियो हाइलाइट्स भी देखे जा सकेंगे। प्ले प्रोटेक्ट अब संदिग्ध ऐप्स को पहचानने में और भी बेहतर हो गया है।
गूगल प्ले सर्विसेज में नए 'टैप टू शेयर' फीचर के जरिए अब आप केवल एक टैप से फाइल्स या कॉन्टैक्ट्स को एक डिवाइस से दूसरे में ट्रांसफर कर पाएंगे, जिससे काम और आसान हो जाएगा।
वियर OS यूजर्स को लोकेशन शेयरिंग के लिए अब एक ही डैशबोर्ड मिलेगा और वे वर्कआउट करते समय अपने रूट को बेहतर तरीके से ट्रैक कर सकेंगे।
PC यूजर्स को भी बेहतर मल्टी-डिवाइस सेटअप की सुविधा मिलेगी। साथ ही वे बीटा फीचर्स को भी एक्सेस कर पाएंगे। इसके अलावा, हमेशा की तरह कुछ बग फिक्स किए गए हैं और डिवाइस की अंदरूनी सुरक्षा को भी बढ़ाया गया है।