जापान ने लॉन्च की पहली ह्यूमनॉइड एम्बुलेंस, रोबोट्स की फौरन होगी मरम्मत
जीमो इंटरनेट ग्रुप ने जापान की पहली 'ह्यूमनॉइड एम्बुलेंस' वैन लॉन्च की है। यह एक ऐसी वैन है, जिसमें ह्यूमनॉइड रोबोट इंजीनियर हमेशा मौजूद रहता है, जो कहीं भी किसी भी रोबोट के खराब होने पर उसे तुरंत ठीक करने के लिए पहुंच जाता है।
कंपनी ने यह एम्बुलेंस बिल्कुल असली जैसी बनाई है। इससे साफ पता चलता है कि जापान अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में एडवांस रोबोटिक्स को शामिल करने को लेकर कितना गंभीर है।
रोबोटिक्स में 30 फीसदी हिस्सेदारी का लक्ष्य
यह ह्यूमनॉइड एम्बुलेंस जीमो द्वारा बेचे गए रोबोट की मरम्मत कर सकती है। यह जहां रोबोट खराब होते हैं, वहीं मौके पर तुरंत उन्हें ठीक करती है।
अगर, कोई बड़ी खराबी आ जाए तो उन्हें अपनी वैन में ले जाकर ठीक करती है। जापान इस कदम से वैश्विक रोबोटिक्स बाजार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य बना रहा है।
अनुमान है कि यह बाजार 2040 तक 370 अरब डॉलर (करीब 35,000 अरब रुपये) का हो सकता है। ऐसे कदम और जापान एयरलाइंस जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी जापान को एक असली टेक पावरहाउस बनाने में मजबूत कर रही हैं।