गूगल मैप पर मिलेगी जेमिनी की सुविधा, हैंड्स-फ्री कर सकेंगे इस्तेमाल
क्या है खबर?
गूगल मैप में जेमिनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट काे शामिल किया गया है। इससे पैदल चलने और साइकिल चलाने वालों के लिए हैंड्स-फ्री सपोर्ट उपलब्ध होगा। यह अपडेट जेमिनी की उपलब्धता वाले सभी एंड्रॉयड और iOS डिवाइस पर विश्व स्तर पर रोल आउट हो रहा है। कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य नेविगेशन को अधिक सुरक्षित और इंटरैक्टिव बनाना है, जिससे यूजर फोन को छुए बिना प्रश्न पूछ सकें, मैसेज भेज सकें और दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकें।
सुविधा
ये मिलेंगी सुविधाएं
इस नए फीचर के साथ जेमिनी पैदल घूमते समय यूजर्स के लिए एक वर्चुअल स्थानीय गाइड की तरह काम कर सकता है। लोग अपने आस-पास के बारे में सवाल पूछ सकते हैं कि वे किस इलाके में हैं या आस-पास कौन-कौन सी मशहूर जगहें हैं? यूजर रास्ते में पड़ने वाले रेस्तरां, कैफे या अन्य दर्शनीय स्थलों के लिए सुझाव भी मांग सकते हैं। सुझाव मैप्स डाटा पर आधारित हैं, जो रियल टाइम जानकारी और समीक्षाओं से प्राप्त होता है।
सुरक्षा
साइकिल चलाने वालों को मिलेगी सुरक्षा
साइकिल चालकों के लिए सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। जेमिनी राइडर्स को हैंडलबार पर हाथ रखते हुए भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने की सुविधा देता है। यूजर अपने अनुमानित आगमन समय के बारे में पूछ सकते हैं, आगामी मीटिंग्स देख सकते हैं या आवाज से तत्काल मैसेज भेज सकते हैं। कोई व्यक्ति देर से आ रहा है तो वह किसी कॉन्टैक्ट को बोलकर मैसेज भेज सकता है। इससे ध्यान भटके बिना सड़क पर ध्यान लगा सकते हैं।