बेंगलुरु में AI ऐप ढूंढेगा सड़क के गड्ढे, शिकायत करना होगा आसान
बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गौरव सेन ने 'पॉटहोल रिपोर्टर' नाम का एक ऐप बनाया है। यह ऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके अपने आप गड्ढों को ढूंढता है, उनकी तस्वीरें लेता है और सीधे नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत भेजता है। बेंगलुरु में हाल ही में चल रही खुदाई के काम से सड़कों की हालत काफी खराब हो गई है। ऐसे में यह ऐप लोगों और शहर प्रशासन के लिए सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से कराना आसान बनाएगा।
एक दिन में तैयार किया गया ऐप
यह ऐप स्मार्ट विजन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके गड्ढों का पता लगाती है। साथ ही यह भी बता देती है कि उन गड्ढों को ठीक करने की जिम्मेदारी किस ठेकेदार की है। इस ऐप को OpenAI के टूल्स का इस्तेमाल कर केवल एक दिन में बनाया गया है। अब तक इसने 100 शिकायतें इकट्ठी करके सीधे नगर निगम कमिश्नरों तक पहुंचाई हैं।
सेन अब 'पॉटहोल रिपोर्टर' को सहाया और नम्माकासा जैसे दूसरे नागरिक ऐप से भी जोड़ना चाहते हैं। उनकी सोच है कि इससे यह ऐप केवल बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में समस्याओं की शिकायत करने का एक बेहतरीन जरिया बन जाएगा।