ऐपल की पूर्व टीम ने लॉन्च किया नया मौसम ऐप, देगी कई मजेदार जानकारी
क्या है खबर?
ऐपल की पूर्व टीम ने मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली नई एक्मे वेदर ऐप लॉन्च की है। यह ऐप इंद्रधनुष और खूबसूरत सूर्यास्त जैसी मजेदार सूचनाओं सहित कई अनूठी मौसम सूचनाएं भी प्रदान करेगा। इस टीम ने डार्क स्काई मौसम ऐप बनाया था, जिसे मार्च, 2020 में ऐपल को बेच दिया। इसके बारे में टीम का दावा है कि यह डार्क स्काई और अन्य आम ऐप्स की तुलना में बेहतर और अधिक विश्वसनीय पूर्वानुमान प्रदान करता है।
तकनीक
ऐप ऐसे लगाएगी पूर्वानुमान
डार्क स्काई के सह-संस्थापक एडम ग्रॉसमैन ने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि ऐप विभिन्न संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान मॉडल, उपग्रह डाटा, जमीनी स्टेशन अवलोकन और रडार डाटा का उपयोग करेगी, जिससे जानकारी काफी विश्वसनीय होगी। ऐप में अतिरिक्त फोरकास्ट लाइंस भी होंगी, जो ग्राफ पर अन्य संभावित परिणामों को ग्रे लाइंस के रूप में दिखाएंगी। ऐप रडार, बिजली, बारिश और बर्फबारी की कुल मात्रा, हवा, तापमान, आर्द्रता, बादल छाने और तूफान के मार्ग जैसे कई प्रकार के मैप प्रदान करती है।
अलर्ट
अलर्ट की भी मिलेगी जानकारी
ऐप में बारिश, आस-पास बिजली गिरने, सामुदायिक रिपोर्ट, सरकार द्वारा जारी मौसम अलर्ट के लिए इन-बिल्ट नोटफिकेशन भेजे जाते हैं। यह ऐप इंद्रधनुष की भविष्यवाणी या खूबसूरत सूर्यास्त देखने की संभावना जैसे अलर्ट भी देगा। ये सूचनाएं ऐप के एक विशेष 'एक्मे लैब्स' सेक्शन में उपलब्ध होंगी। डार्क स्काई बारिश शुरू होने के समय की सटीक भविष्यवाणी करने की क्षमता के कारण पसंदीदा ऐप बन गया था, वहीं एक्मे वेदर का लक्ष्य इसमें सुधार करना और कुछ मनोरंजन करना है।