क्यों एलन मस्क ने कहा भविष्य में सेवानृवित्त के लिए नहीं करनी पड़ेगी बचत?
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क का मानना है कि 10 से 20 सालों में अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स के माध्यम से उनके द्वारा परिकल्पित प्रगति साकार हो जाती है तो लोगों सेवानिवृत्ति के लिए बचत करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने तर्क दिया है कि इससे एक समृद्ध समाज द्वारा स्वास्थ्य सेवा, आवास और आय जैसी सभी जरूरतें पूरी हो जाएंगी। मस्क ने आशा व्यक्त की कि AI और रोबोट सतत समृद्धि को सक्षम बनाकर भविष्य को अद्भुत बना देंगे।
बयान
मस्क ने किया यह दावा
मूनशॉट्स विद पीटर डायमंडिस पॉडकास्ट पर बोलते हुए मस्क ने कहा, "मेरी एक और सलाह यह है कि सेवानिवृत्ति के लिए पैसे बचाने की चिंता न करें। अगर, हमारी कही गई कोई भी बात सच होती है तो बचत अप्रासंगिक हो जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हम उस स्तर से आगे निकल जाएंगे, जहां प्रचुरता की कल्पना भी नहीं की जा सकती। AI और रोबोट मानव की सभी इच्छाओं को पूरा कर देंगे।"
असर
नौकरियों पर क्या पड़ेगा असर?
उनका यह भी मानना है कि 10-20 वर्षों में AI मानव बुद्धि को भी पीछे छोड़ देगा और आज की आधी से अधिक नौकरियों पर कब्जा कर लेगी। उन्होंने इसे एक आशावादी भविष्य के रूप में प्रस्तुत किया, जहां रोबोट्स द्वारा काम करने से उत्पादकता बढ़ेगी और कीमतें कम होंगी। टेस्ला प्रमुख ने कहा कि इन प्रगतियों से उत्पादकता में इतनी भारी वृद्धि हो सकती है कि यह लोगों की कल्पना से परे प्रचुरता होगी।