एलन मस्क ने AI नीति पर दी सफाई, कहा- कर्मचारियों को टूल चुनने की आजादी
एलन मस्क ने टेस्ला की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नीति पर सफाई दी है। उन्होंने बताया है कि कंपनी के कर्मचारियों के लिए ग्रोक 4.5 ही इकलौता विकल्प नहीं है। अगर, ChatGPT या क्लाउड जैसा कोई और AI टूल काम को बेहतर तरीके से कर रहा है तो कर्मचारी उसे इस्तेमाल करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
दरअसल, यह जानकारी एक लीक हुए मेमो के बाद आई है। उस मेमो में कर्मचारियों को ग्रोक का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई थी और बाहरी AI टूल्स पर हर सप्ताह 200 डॉलर (करीब 18,000 रुपये) से ज्यादा खर्च न करने की सीमा भी लगाई गई थी।
ग्रोक 4.5 को बताया दूसरे टूल्स से सस्ता
कुल AI बेंचमार्क में ग्रोक 4.5 9वें स्थान पर है और कोडिंग से जुड़े कामों में इसका स्कोर 53 फीसदी है। इसकी तुलना में एंथ्रोपिक के क्लाउड फेबल 5 का स्कोर 70 फीसदी है, लेकिन मस्क का कहना है कि ग्रोक बहुत ज्यादा किफायती है।
एक मानक कार्य के लिए इसकी कीमत सिर्फ 0.13 डॉलर (करीब 12 रुपये) है, जबकि एंथ्रोपिक के टूल के लिए 1.57 डॉलर (करीब 145 रुपये) लगते हैं।
मस्क ने यह भी बताया कि ग्रोक लगातार बेहतर होता जा रहा है। यह कम टोकन और ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहा है। उनका इशारा है कि लंबे समय तक इसकी बहुत उपयोगिता रहेगी, भले ही अभी यह हमेशा सबसे आगे न हो।