LOADING...
स्पेस-X का xAI के साथ हुआ विलय, संयुक्त मूल्यांकन हुआ 1.12 लाख अरब रुपये
स्पेस-X ने xAI का अधिग्रहण कर लिया है

स्पेस-X का xAI के साथ हुआ विलय, संयुक्त मूल्यांकन हुआ 1.12 लाख अरब रुपये

Feb 03, 2026
09:01 am

क्या है खबर?

एलन मस्क की स्पेस-X ने उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप कंपनी xAI का अधिग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही रॉकेट और उपग्रह कंपनी का ग्रोक चैटबॉट निर्माता के साथ विलय हो गया है। इससे नई कंपनी का मूल्यांकन 1,250 अरब डॉलर (करीब 1.12 लाख अरब रुपये) हो गया है। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क ने AI और अंतरिक्ष अन्वेषण में अपनी बढ़ती हुई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया है।

सौदा 

कितना हो गया दोनों कंपनियों का मूल्यांकन?

ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट में स्पेस-X की वेबसाइट पर मस्क द्वारा हस्ताक्षरित एक बयान में xAI के अधिग्रहण की घोषणा की गई है। सूत्रों के अनुसार, इस सौदे से एयरोस्पेस कंपनी का मूल्यांकन 1,000 अरब डॉलर (करीब 90,000 अरब रुपये) और AI स्टार्टअप का मूल्यांकन 250 अरब डॉलर (करीब 22,500 अरब रुपये) हो गया है। यह सौदा पूरी तरह से स्टॉक पर आधारित है और संयुक्त कंपनी के शेयर का मूल्य 526.59 डॉलर (करीब 47,300 रुपये) होने की उम्मीद है।

उद्देश्य 

इस कारण हुआ है यह विलय 

स्पेस-X ने कहा कि उसने xAI का अधिग्रहण पृथ्वी पर (और पृथ्वी से बाहर) सबसे महत्वाकांक्षी वर्टीकल-इंटीग्रेटेड इनोवेशन इंजन बनाने के लिए किया है। इसमें AI, रॉकेट, अंतरिक्ष-आधारित इंटरनेट, मोबाइल डिवाइसों के साथ सीधे संचार और दुनिया का सबसे अग्रणी रियल-टाइम सूचना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मंच शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस साल के अंत में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की उम्मीद है। इसके जरिए 50 अरब डॉलर (करीब 45,00 अरब रुपये) जुटाने की मंशा है।

Advertisement