AI के शतरंज को समझने के दावे पर मस्क और चेस डॉट काॅम में छिड़ी बहस
एलन मस्क ने ऑनलाइन यह कहकर सनसनी मचा दी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक दिन शतरंज को पूरी तरह से हल कर सकती है, लेकिन चेस डॉट कॉम ने तुरंत पलटवार करते हुए इसे स्किल इश्यू करार दिया।
उनकी इस बहस ने लोगों के बीच यह चर्चा छेड़ दी कि क्या कंप्यूटर वाकई में शतरंज की हर संभव चाल को हल कर सकते हैं या यह खेल इतना जटिल है कि सबसे एडवांस AI भी इसे पूरी तरह से समझ नहीं पाएगा।
AI सुझा सकता है चालों का जवाब देने का शॉर्टकट
चेस डॉट कॉम ने तर्क दिया कि शतरंज को पूरी तरह से हल करने का मतलब होगा इस खेल की हर संभव चाल और स्थिति को समझना।उसका कहना है कि यह संख्या ब्रह्मांड में मौजूद परमाणुओं की कुल संख्या से भी कहीं ज्यादा है।
मस्क ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि शतरंज में वैध स्थितियां (लीगल पोजीशंस) कहीं कम होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एडवांस AI ऐसे छोटे रास्ते (शॉर्टकट) खोज सकता है, जिनकी इंसान कल्पना भी नहीं कर सकते।
यह बहस तब और व्यक्तिगत हो गई, जब मस्क ने मजाक में कहा कि वह किसी इंटर्न से बहस कर रहे हैं। इस पर चेस डॉट कॉम ने साफ किया कि उनके अकाउंट को कोई इंटर्न नहीं, बल्कि एक पूर्णकालिक कर्मचारी संभाल रहा है। इस मामले पर कई सोशल मीडिया यूजर्स चेस डॉट कॉम के साथ खड़े दिखे।