ड्रॉपबॉक्स के 5,000 अकाउंट हुए हैक, कंपनी के शेयर 6.6 फीसदी गिरे
ड्रॉपबॉक्स ने हाल ही में अपनी सुरक्षा में सेंधमारी का खुलासा किया है, जिससे करीब 5,000 यूजर्स के अकाउंट प्रभावित हुए हैं। हैकर्स इनमें से एक-तिहाई से भी कम खातों में रखी फाइलों तक पहुंचने में सफल रहे।
हालांकि, ड्रॉपबॉक्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित अकाउंट्स को लॉक कर दिया है और यूजर्स के साथ-साथ संबंधित नियामक संस्थाओं को भी इस बारे में जानकारी दी है।
इस खबर का असर ये हुआ कि मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद हुई पोस्ट-मार्केट ट्रेडिंग में कंपनी के शेयर 6.6 फीसदी नीचे गिर गए।
इस कारण अकाउंट हुए हैक
दरअसल, हैकर्स ने उन ड्रॉपबॉक्स अकाउंट्स को निशाना बनाया, जो लेनोवो ID से जुड़े थे और जिनमें मल्टीफैक्टर ऑथेंटिकेशन एक्टिव नहीं था। उन्होंने यूजर्स के ईमेल एड्रेस का इस्तेमाल कर सुरक्षा जांच को बायपास किया।
लेनोवो का कहना है कि यह खामी उनके सिस्टम और ड्रॉपबॉक्स के पुराने इंटीग्रेशन से जुड़ी थी। दोनों कंपनियों ने मिलकर इस जोखिम को कम करने के लिए काम किया।
कंपनी ने साफ किया कि उसके अपने ग्राहकों पर इस सेंधमारी का कोई असर नहीं पड़ा है, वहीं ड्रॉपबॉक्स को किसी बड़े बिजनेस नुकसान की आशंका नहीं है।