दिशा सालियान मौत मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, CBI को सौंपी गई जांच
क्या है खबर?
सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की संदिग्ध मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए जांच CBI को सौंपने के आदेश दिए हैं। जून, 2020 में इमारत से गिरकर हुई दिशा की मौत को पुलिस जांच में आत्महत्या बताया गया था। हालांकि, पिता सतीश सालियान ने हत्या की आशंका जताते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद अदालत ने पुरानी जांच पर सवाल उठाते हुए मामला CBI को सौंप दिया है।
आदेश
CBI दर्ज करेगी नई FIR
बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत की CBI जांच के आदेश दिए हैं।
मुंबई के मालाड इलाके में 14वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर दिशा की मौत हुई थी।
न्यायमूर्ति सारंग कोटवाल और न्यायमूर्ति रणजीतसिंहा भोंसले की पीठ ने CBI को वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत नई FIR दर्ज कर जांच का निर्देश दिया है।
निर्देश
हाई कोर्ट का निर्देश- ठोस सबूत के बिना न बनाएं आरोपी
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जब तक जांच में ठोस सबूत न मिल जाएं, किसी भी व्यक्ति को आरोपी न माना जाए।
पीठ के अनुसार, अगर संज्ञेय अपराध साबित होता है तो जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल किया जाना चाहिए, वहीं कोई अपराध न बनने की स्थिति में जांच अधिकारी को सक्षम अदालत के समक्ष तत्काल क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बिना सबूत किसी का अनावश्यक कानूनी उत्पीड़न न हो।
छूट
दिशा सालियान के पिता को CBI रिपोर्ट के खिलाफ विरोध याचिका की छूट
अदालत ने जांच के दौरान दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने का भी निर्देश दिया है। साथ ही CBI द्वारा क्लोजर रिपोर्ट सौंपे जाने की स्थिति में उन्हें विरोध याचिका दायर करने की स्वतंत्रता दी गई है।
सतीश का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील नीलेश ओझा ने कहा कि अदालत ने जांच के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं और ये सुनिश्चित किया है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सबूत मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आभार
"अदालत का आभारी हूं, अब धैर्य रखना होगा"
अदालत के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए सतीश सालियान ने ANI से कहा, "मैंने अपनी बेटी को खोया है... मैं अदालत का आभारी हूं।"
उन्होंने कहा कि मामला अब CBI के पास है, इसलिए उन्हें मजबूत रहकर धैर्य रखना होगा।
बता दें कि 8 जून 2020 को मालाड स्थित एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे।