गूगल डीपमाइंड प्रमुख ने मेटा-अमेजन की छंटनी को लेकर कही बड़ी बात
गूगल डीपमाइंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेमिस हसाबीस का मानना है कि टेक कंपनियां असल मुद्दे को ही भूल रही हैं। उनका कहना है कि मेटा और अमेजन जैसी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल नए आइडिया सोचने और बेहतरीन चीजें बनाने के बजाय कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं।
वह इसे हिम्मत की कमी बताते हैं, जिसे रणनीति का नाम दिया जा रहा है। हसाबीस ने यहां तक कहा कि अगर, मौका मिले तो वह ऐसे इंजीनियर्स को काम पर रखना चाहेंगे।
इससे पता चलता है कि उन्हें लागत कम करने से ज्यादा नए आइडिया और इनोवेशन में दिलचस्पी है।
AI के कारण नौकरियां जाने पर क्या कहा?
हसाबीस ने साफ किया कि डीपमाइंड का जेमिनी 3.5 फ्लैश जैसे बेहतर AI डेवलपर्स के काम को आसान बनाने और उन्हें सशक्त करने के लिए हैं न कि उनकी जगह लेने के लिए। उनके पास ऐसे लाखों आइडिया हैं कि इंजीनियर इन टूल्स का इस्तेमाल करके क्या-क्या कर सकते हैं।
एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने भी अपनी बात रखी और कहा कि छंटनी की वजह सिर्फ AI नहीं है। उनका कहना है कि AI तो अभी कुछ महीनों पहले ही काम का बना है, जबकि कुछ छंटनियां तो कई साल पहले से ही चल रही थीं।
इसके अलावा, येल यूनिवर्सिटी के डाटा से पता चलता है कि 2022 के आखिर से अब तक उन नौकरियों में बेरोजगारी अचानक नहीं बढ़ी है, जो AI से सबसे ज्यादा प्रभावित होती हैं।