दक्षिण कोरिया की डाक सेवा पर एक साइबर हमला हुआ है। इस हमले से कम से कम 1.13 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड डाक पाने वालों की निजी जानकारी लीक हो गई, जिसमें नाम, पते और फोन नंबर जैसी जानकारी शामिल है।
हैकर्स ने मोबाइल साइट पर डिलीवरी की जगह बदलने वाले एक फीचर का इस्तेमाल कर सेंध लगाई। जिन लोगों के रिकॉर्ड तक पहुंच बनाई गई, उनकी रजिस्टर्ड डाक 17 से 24 नवंबर के बीच डिलीवर होनी थी। अधिकारी अब यह पता लगा रहे हैं कि यह सब कैसे हुआ?
डिलीवरी की जगह बदलने वाला फीचर किया बंद
कोरिया पोस्ट ने तुरंत डिलीवरी की जगह बदलने वाले फीचर को बंद कर दिया है। साथ ही आगे और डाटा लीक होने से रोकने के लिए अपनी मोबाइल साइट पर विदेशों से पहुंच भी रोक दी है।
कोरिया पोस्ट के प्रमुख पार्क इन-ह्वान ने इस सेंधमारी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने बताया कि वे यह जानने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि आखिर कौन-कौनसी जानकारी लीक हुई है और यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि भविष्य में ऐसा दोबारा न हो।
हाल के दिनों में दक्षिण कोरिया की सरकारी एजेंसियों पर लगातार साइबर हमले हो रहे हैं और यह घटना उसी सिलसिले का एक हिस्सा है।