पेंटागन-FBI के लाखों कर्मचारियों का डाटा लीक, जॉब साइट में भी लगाई सेंध
अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) और संघीय जांच ब्यूरो (FBI) दोनों ने गंभीर डाटा सेंधमारी की जानकारी दी है। पेंटागन के डाटाबेस में हुई सेंधमारी से 30 लाख से ज्यादा सैन्य कर्मियों, असैन्य कर्मचारियों और अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े अन्य लोगों की निजी जानकारियां, जैसे सोशल सिक्योरिटी नंबर और नौकरी का ब्योरा सामने आ गया है।
वहीं, हैकर्स ने FBI की जॉब साइट में भी सेंध लगा दी और उन्होंने कर्मचारियों का डाटा चुरा लिया है।
हैकिंग को बताया मार्केटिंग कैंपेन
पेंटागन ने प्रभावित लोगों को पहचान सुरक्षा देने की पेशकश की है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक इस बात का कोई संकेत नहीं मिला है कि किसी की जानकारी का गलत इस्तेमाल किया गया हो।
FBI अपनी जॉब वेबसाइट से जुड़े एक अलग मामले की जांच में जुटा है। शाइनीहंटर्स नाम के एक हैकर समूह ने इस सेंधमारी की जिम्मेदारी ली है।
उनका कहना है कि उनका इरादा पैसे वसूलने का नहीं, बल्कि यह एक मार्केटिंग कैंपेन था। FBI ने उन कर्मचारियों को सलाह दी है, जो इस घटना से प्रभावित हो सकते हैं। एजेंसी ने बताया कि केवल अवर्गीकृत सिस्टम पर ही हमला हुआ है। साथ ही, कर्मचारियों को सतर्क रहने की अपील भी की गई है।