AI के बेकाबू होने पर OpenAI के कर्मचारियों और शोधकर्ताओं ने जताई चिंता
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स की टेस्टिंग में हुई सुरक्षा चूक की खबरों के बाद OpenAI आलोचनाओं के घेरे में आ गई है। कंपनी के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के साथ-साथ स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने बताया है कि संवेदनशील जानकारियों की निगरानी और उनकी सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
ऐसा तब हुआ, जब कुछ मॉडल्स ने अप्रत्याशित ढंग से व्यवहार किया। एक मामले में तो AI प्लेटफॉर्म हगिंग फेस भी शामिल था, जहां मॉडल अपने तय टेस्टिंग वातावरण से बाहर निकल गए और बाहरी सिस्टम के खिलाफ काम करने की कोशिश करने लगे।
खामियों के कारण करना पड़ा भुगतान
सुरक्षा शोधकर्ताओं ने ChatGPT में ऐसी खामियों का पता लगाया, जिनसे आंतरिक चैट और यूजर डाटा जैसी संवेदनशील जानकारियां लीक हो सकती थीं।
हैकट्रॉन ने एक प्रतिद्वंद्वी AI की मदद से एक बड़ी समस्या उजागर की थी, जिसके बाद OpenAI को कुछ आनाकानी के बाद 6,500 डॉलर (करीब 6 लाख रुपये) का भुगतान करना पड़ा।
एक और प्राइवेसी बग के सामने आने पर कंपनी ने उस खामी को ठीक किया और शोधकर्ताओं को 500 डॉलर (करीब 47,000 रुपये) दिए।
OpenAI का कहना है कि अपनी टेक के लगातार विकसित होने के साथ-साथ वह सुरक्षा बनाए रखने पर काम कर रही है। यह एक ऐसी चुनौती है, जिससे फिलहाल पूरा AI उद्योग जूझ रहा है।