जुलाई में दुनिया के समुद्रों के तापमान ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड
वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले महीने में दुनिया के समुद्रों का तापमान अब तक के किसी भी जुलाई महीने के मुकाबले सबसे ज्यादा रहा।
यूरोपीय संघ (EU) की कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस (C3S) के मुताबिक, अटलांटिक तट और पश्चिमी भूमध्य सागर में समुद्र की सतह का तापमान जुलाई के लिए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और यूरोप के समुद्रों में भीषण समुद्री हीटवेव देखी गईं।
दुनियाभर में ठंडे ध्रुवीय इलाकों को छोड़कर समुद्र की सतह का औसत तापमान इस महीने के लिए अब तक का सबसे ज्यादा रहा, जिसने 2023 में बने जुलाई के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
वैश्विक हवाई तापमान भी काफी ऊंचा बना रहा। पिछले महीने का तापमान जुलाई, 2024 से सिर्फ 0.01 डिग्री सेल्सियस कम था, जिससे ये दोनों रिकाॅर्ड पर दर्ज दूसरे सबसे गर्म जुलाई बन गए हैं।
भीषण गर्मी से पश्चिमी यूरोप में तबाही
पश्चिमी यूरोप में जून और जुलाई का महीना अब तक का सबसे गर्म रहा। इस दौरान तापमान सामान्य से 2.79 डिग्री ज्यादा रहा। इस भीषण गर्मी ने भारी तबाही मचाई है।
लगभग 5 लाख हेक्टेयर जमीन पर भीषण आग लग गई। नदियों का जलस्तर इतना घट गया कि पीने के पानी की आपूर्ति और बिजली उत्पादन पर भी इसका बुरा असर पड़ा।
इस गर्मी से आर्थिक नुकसान भी बहुत बड़ा हुआ है। जून में ही अनाज की फसल को 2 अरब यूरो (करीब 200 अरब रुपये) का भारी नुकसान उठाना पड़ा।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर, यह सूखा इसी तरह जारी रहा तो भविष्य में खेती और उद्योगों को और भी बड़ा झटका लग सकता है।