क्लाउड का प्लग-इन अब इनवॉइस, रिपोर्टिंग और मार्केटिंग का काम बना देगा आसान
क्लाउड ने हाल ही में एक नया 'स्मॉल बिजनेस' प्लग-इन लॉन्च किया है। यह प्लग-इन इनवॉइस बनाने, वित्तीय रिपोर्ट तैयार करने और नए कैंपेन चलाने जैसे कामों को एक ही जगह निपटा देता है।
यह उन सभी टूल्स के साथ जुड़ जाता है, जिन्हें आप शायद पहले से इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनमें क्विकबुक्स, हबस्पॉट, कैनवा और पेपाल शामिल हैं।
इसकी खास बात यह है कि आप किसी भी चीज को भेजने, पोस्ट करने या भुगतान करने से पहले उसे खुद मंजूरी देते हैं, जिससे आपका पूरा कंट्रोल बना रहता है।
15 वर्कफ्लो को कवर करता है प्लग-इन
यह प्लग-इन फाइनेंस, मार्केटिंग, मानव संसाधन और ऑपरेशंस से जुड़े 15 अलग-अलग तरह के वर्कफ्लो को पूरा करता है। इसे इंस्टॉल करना भी बेहद आसान है।
आपको बस प्लग-इन्स पेज पर जाकर 'स्मॉल बिजनेस' प्लग-इन इंस्टॉल करना है, फिर उसे चालू करना है। इसके बाद, claude.com/download से क्लाउड कोवर्क डाउनलोड करें और बिना किसी कोडिंग स्किल्स के अपने मौजूदा ऐप्स (गूगल वर्कस्पेस या माइक्रोसॉफ्ट 365) को इससे जोड़ दें।
यह आपके लिए अकाउंट्स का मिलान कर सकता है, किसी भी गलती या गड़बड़ी को पकड़ सकता है, आपके अकाउंटेंट के लिए आसान भाषा में लाभ-हानि का विवरण तैयार कर सकता है।
इतना ही नहीं, यह हबस्पॉट डाटा का इस्तेमाल करके प्रचार के लिए बेहतरीन रणनीतियां भी बना सकता है और आपके अगले कैंपेन के लिए कैनवा पर ग्राफिक भी तैयार कर सकता है।