LOADING...
अब चश्मे पर होगी कोडिंग, चीनी स्टार्टअप ने पेश किया खास AI स्मार्ट ग्लास
अब स्मार्ट चश्मे पर होगी कोडिंग

अब चश्मे पर होगी कोडिंग, चीनी स्टार्टअप ने पेश किया खास AI स्मार्ट ग्लास

Jun 04, 2026
01:14 pm

क्या है खबर?

चीन के एक स्टार्टअप ने मोनाको ग्लास नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्मार्ट चश्मा पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह चश्मे के रूप में दुनिया का पहला पहनने योग्य लिनक्स कंप्यूटर है। इसे खास तौर पर डेवलपर्स, रिसर्चर्स और AI का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बनाया गया है। यह डिवाइस सीधे चश्मे पर जानकारी दिखाने के साथ क्लाउड आधारित कोडिंग टूल और AI एजेंट्स चलाने में भी सक्षम है।

डिजाइन

हल्का डिजाइन और खास माइक्रोफोन

मोनाको ग्लास का वजन केवल 48 ग्राम है और यह सामान्य चश्मे जैसा दिखाई देता है। इसमें डिस्प्ले, कैमरा और स्पीकर जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसकी सबसे खास बात बोन-कंडक्शन माइक्रोफोन है, जो नाक की हड्डी के कंपन के जरिए आवाज सुनता है। कंपनी का कहना है कि इससे चश्मा शोरगुल वाली जगहों पर भी केवल यूजर्स की आवाज पहचान सकता है। इससे कमांड देना और AI से बातचीत करना आसान हो जाता है।

कंट्रोल

हाथ के इशारों से होगा कंट्रोल

इस स्मार्ट चश्मे में विजन इंजन भी दिया गया है, जिससे यूजर्स हाथ के इशारों से अलग-अलग फीचर्स चला सकते हैं। मेन्यू खोलना, ऐप चुनना या वॉल्यूम बदलना जैसे काम हाथों की मदद से किए जा सकते हैं। कंपनी ने बताया कि यह चश्मा AI रिसर्च, प्रेजेंटेशन तैयार करने और कोडिंग जैसे कामों में भी मदद कर सकता है। यूजर केवल आवाज के जरिए AI को निर्देश देकर नए ऐप भी तैयार कर सकते हैं।

Advertisement

OS

लिनक्स आधारित सिस्टम पर चलता है चश्मा

मोनाको ग्लास मोनो OS नाम के लिनक्स आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम बहुत कम मेमोरी में भी ऐप चलाने में सक्षम है। मोनाको ग्लास शिक्षा, रिसर्च, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और गेमिंग जैसे क्षेत्रों में उपयोग किया जा सकता है। कंपनी ने प्रदर्शन के दौरान दिखाया कि AI की मदद से हाथ से लिखे गणितीय सूत्रों को डिजिटल फॉर्मेट में बदला जा सकता है। इससे कई काम पहले की तुलना में आसान हो सकते हैं।

Advertisement