चीनी रोबोट्स ने दौड़ प्रतियोगिता में किया रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
बीजिंग में हुए वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स में चीन के रोबोट्स ने खूब सुर्खियां बटोरीं। इन खेलों में 2 रोबोट ने 100 मीटर की दौड़ उसैन बोल्ट के 9.58 सेकेंड के वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी कम समय में पूरी की।
दूसरी तरफ, एक और रोबोट ने 400 मीटर की दौड़ वेड वैन नीकेर्क के रिकॉर्ड से भी तेज खत्म की। यह 5 दिन का आयोजन था, जिसमें खेलों के साथ-साथ असल जिंदगी की चुनौतियां भी शामिल थीं। इस इवेंट ने साफ कर दिया कि रोबोट तकनीक ने कितनी तरक्की कर ली है।
रोबोट्स ने खुद किए ये जरूरी काम
दौड़ के अलावा, इन रोबोट्स ने कई ऐसे काम भी करके दिखाए, जो रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होते हैं। इनमें केबल जोड़ना, इलेक्ट्रिक कार चार्ज करना और सामान उठाना जैसे काम शामिल थे।
ये वैसे ही काम हैं, जो आमतौर पर किसी फैक्टरी या रेस्टोरेंट में देखने को मिलते हैं। कुल 51 इवेंट्स में से 40 फीसदी से ज्यादा आयोजनों में रोबोट्स को पूरी तरह से अपने दम पर काम करना पड़ा।
उद्योग जगत के दिग्गजों ने साफ कहा कि इन खेलों की असली अहमियत इसमें है कि प्रतियोगिता खत्म होने के बाद ये रोबोट कितने उपयोगी साबित होंगे। हुआवे जैसी कंपनियों के साथ मिलकर चीन ऐसे रोबोट बनाने पर जोर दे रहा है, जो असली दुनिया की समस्याओं को हल करें, न कि सिर्फ पदक जीतने के लिए।