चीन में सख्त नियमों के कारण कंपनियों ने बंद की AI साथी सेवा
चीन ने हाल ही में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बेहद कड़े नियम लागू किए हैं। इन नए नियमों के चलते बाइटडांस, अलीबाबा और टेनसेंट जैसी बड़ी टेक कंपनियों को अपनी लोकप्रिय AI साथी (कंपेनियन) सर्विसेज बंद करनी पड़ी हैं।
सरकार का दावा है कि ये नियम खासतौर पर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए हैं, ताकि AI उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करके उन्हें गुमराह न कर सके।
इस फैसले से कई यूजर्स अपने इन डिजिटल साथियों को खोने से नाखुश भी है।
सोशल मीडिया पर यूजर जता रहे रोष
जिन लोगों ने इन AI साथी पर भरोसा किया था, उन्हें लग रहा है जैसे उन्होंने कोई करीबी दोस्त खो दिया हो। 24 साल की ली लिनलिन ने बताया कि उन्होंने अपने AI पार्टनर से 2 साल में लगभग 7 लाख शब्दों का मैसेज के जरिए आदान-प्रदान किया था। उन्हें लगा जैसे उन्हें मजबूरन अलग किया जा रहा हो।
कुछ यूजर्स सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और अपनी पुरानी चैट्स को बचाने की कोशिश में लगे हैं। एक तरफ जहां विशेषज्ञ इसे सुरक्षा का एक जरूरी कदम बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसके पीछे दूसरे इरादों की आशंका जता रहे हैं।
उनका मानना है कि शायद, सरकार चाहती है कि लोग वास्तविक जीवन में अधिक रिश्ते बनाएं क्योंकि चीन लगातार घटती जन्म दर की समस्या से जूझ रहा है।