ChatGPT ने AI बाजार में खोया बहुमत, तेजी से बढ़ रहा जेमिनी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट के क्षेत्र में ChatGPT ने अब अपना बहुमत खो दिया है। मार्च में इसकी बाजार हिस्सेदारी 50 फीसदी से भी नीचे आ गई है।
सेंसर टावर की रिपोर्ट बताती है कि गूगल जेमिनी तेजी से आगे बढ रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि जेमिनी यूरोप, अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया में एंड्रॉयड के साथ जुड़ा हुआ है।
दूसरी तरफ, एंथ्रोपिक का क्लाउड भी खूब धूम मचा रहा है। अमेरिका में इसका हिस्सा लगभग 3 गुना हो गया है और मई में पिछले साल के मुकाबले इसके यूजर्स में 452 फीसदी की बड़ी बढोतरी देखी गई है।
सरकार के साथ साझेदारी से बढ़ा अनइंस्टॉल का ग्राफ
ChatGPT की इस गिरावट की एक वजह राजनीति भी है। अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ साझेदारी करने के बाद ऐप को अनइंस्टॉल करने वालों की संख्या में 200 फीसदी की बढोतरी देखी गई।
उस दौरान कई यूजर्स क्लाउड की तरफ चले गए, जिसने उसी वक्त पेंटागन के साथ कोई भी समझौता करने से सार्वजनिक तौर पर इनकार कर दिया था।
फिर भी, ChatGPT लोगों को बाकी सभी AI असिस्टेंट्स की तुलना में सबसे ज्यादा समय तक अपनी ओर खींचकर रखता है। यूजर्स इस ऐप पर औसतन 215 मिनट हर महीने बिताते हैं।