पुणे के स्टार्टअप ने बनाया AI भ्रूण मॉनिटर, प्रसव हुआ सुरक्षित
पुणे की स्टार्टअप केयरएनएक्स इनोवेशन ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संचालित भ्रूण मॉनिटर बनाया है। यह उन चिकित्सकों के लिए भी काम का है, जिन्हें विशेषज्ञता वाली ट्रेनिंग नहीं मिली है।
इसकी मदद से चिकित्सक बच्चे की धड़कन और मां के गर्भाशय में होने वाले संकुचन को तुरंत ट्रैक कर पाते हैं। यह तकनीक ग्रामीण इलाकों के लिए खासकर वरदान है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक मिलना आसान नहीं होता।
NICU में बच्चों को भर्ती की जरूरत हुई कम
केयरएनएक्स की इस तकनीक ने अब तक 10 लाख से ज्यादा गर्भधारण की निगरानी की है। इसके इस्तेमाल से नवजात गहन चिकित्सा यूनिट (NICU) में बच्चों को भर्ती करने की जरूरत 30 फीसदी से ज्यादा कम हुई है।
यह तकनीक पूरे भारत में 2,500 से ज्यादा स्त्री रोग विशेषज्ञों और प्रसूति केंद्र इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनमें 500 से ज्यादा निजी अस्पताल भी शामिल हैं।
यह अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नाइजीरिया जैसे देशों तक भी पहुंच चुकी है। कंपनी के इस काम को MIT सॉल्व का 'AI फोर सोशल इंपैक्ट' अवार्ड मिला है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) और माइक्रोसॉफ्ट का समर्थन भी मिला है।
अगले कदम के तौर पर कंपनी दक्षिण एशिया और अफ्रीका में अपना विस्तार करना चाहती है, जहां नए AI टूल के जरिए मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं को और भी विश्वसनीय बनाया जा सके।