फीफा विश्व कप 2026: कोलंबिया ने घाना को हराते हुए राउंड ऑफ-16 में बनाई जगह
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 के एक अहम मुकाबले में कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है। अमेरिका के कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक नॉकआउट मैच में दक्षिण अमेरिकी टीम कोलंबिया ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा था। इस जीत के साथ कोलंबिया ने टूर्नामेंट में अपने अजेय अभियान को जारी रखा है। अब राउंड ऑफ-16 में कोलंबिया का सामना स्विट्जरलैंड से होगा।
बढ़त
कोलंबिया ने पहले हाफ में ही दाग दिया था गोल
मैच के 8वें मिनट में कोलंबिया को बड़ा झटका लगा। उसके मुख्य फॉरवर्ड जॉन कॉर्डोबा चोटिल हो गए। उनकी जगह लुईस सुआरेज को मैदान पर बुलाया गया। उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 14वें मिनट में जॉन एरियस को बेहतरीन पास दिया, जिस पर एरियस ने लाजवाब वॉली लगाते हुए गोल दाग दिया और टीम को 1-0 से आगे कर दिया। घाना ने वापसी की कोशिश की, लेकिन कोलंबिया के मजबूत रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Colombia claim the last spot in the Round of 16 👊#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 4, 2026
संघर्ष
दूसरे हाफ में घाना ने दिखाया आक्रामक खेल
दूसरे हाफ में घाना की टीम बराबरी की तलाश में अधिक आक्रामक होकर खेली और बॉल पजेशन में सुधार किया। मैच के दौरान कोलंबिया के स्टार खिलाड़ी लुइस डियाज ने गेंद को नेट में डालकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया था, लेकिन असिस्टेंट रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार दिया, जिसके कारण गोल अमान्य हो गया। घाना ने अंत तक हमले जारी रखे, लेकिन कोलंबिया के गोलकीपर और रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रहे।
रिकॉर्ड
मैच में क्या बने रिकॉर्ड?
मैच के 8वें मिनट में चोटिल होकर बाहर गए कोलंबिया के कॉर्डोबा की जगह मैदान पर आए सुआरेज ने 14वें मिनट में हुए गोल में अहम सहयोग किया। यह विश्व कप इतिहास में किसी भी सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी द्वारा किया गया सबसे तेज गोल योगदान है। कोलंबिया के दिग्गज जेम्स रोड्रिगेज ने फीफा विश्व कप में अपना 10वां मैच खेला। उन्होंने कोलंबिया के लिए सर्वाधिक विश्व कप मैच खेलने के मामले में कार्लोस वाल्डेरामा और फ्रेडी रिनकोन की बराबरी कर ली।
आंकड़े
टारगेट पर एक भी शॉट नहीं मार सकी घाना की टीम
मैच में कोलंबिया ने बेहतरीन खेल दिखाया। उसने गोल करने की 20 बार कोशिश की और 8 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ घाना ने 8 बार कोशिश की, लेकिन टारगेट पर एक भी शॉट नहीं लगाया। इस शानदार मैच में कोलंबिया के पास 62 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। उसने 90 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 576 पास पूरे किए। इसके उलट घाना ने 349 पास पूरे किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 84 प्रतिशत की रही।