तालमेल की कमी के कारण कंपनियों ने बीच में ही छोड़े 18 फीसदी AI प्रोजेक्ट्स
कैंब्रियनएज डॉट AI की एक ताजा रिपोर्ट बताती है कि 18 फीसदी कंपनियों ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोजेक्ट्स बीच में ही छोड़ दिए हैं।
इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इंसान और AI के बीच सही तालमेल नहीं बैठ पा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, भले ही 69 फीसदी संगठन AI का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन उनमें से 80 फीसदी से ज्यादा को अपनी उत्पादकता में कोई खास बढ़ोतरी नहीं मिली है। यानि, ज्यादातर मामलों में AI को लेकर, जो दावे किए जाते हैं, वे असलियत से काफी दूर हैं।
साझा और निरंतर वर्कफ्लो की वकालत
इस अध्ययन से पता चलता है कि काम करने के पुराने और मुश्किल तरीके और तालमेल की कमी ही सफलता में आड़े आ रहे हैं। जिन कंपनियों के पास मजबूत सिस्टम हैं, जैसे कि साझा टूल्स, सही ट्रेनिंग, प्रॉम्प्ट लाइब्रेरीज, क्वालिटी चेक और समीक्षा प्रक्रियाएं, उन्हें कहीं ज्यादा बेहतर परिणाम मिले हैं।
कैंब्रियनएज डॉट AI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हरजीव सिंह के मुताबिक, "सही मायने में आर्थिक फायदा तभी मिल पाता है, जब कंपनियां अलग-अलग टूल्स के बिखरे हुए ढेर को छोड़कर एक साझा और निरंतर वर्कफ्लो तैयार करती हैं।"