बाइटडांस ने नया AI वीडियो जेनरेटर टूल सीडेंस 2.0 किया लॉन्च, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
टिक-टॉक की मूल कंपनी बाइटडांस ने अपने नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो जेनरेटर टूल सीडेंस 2.0 को चुपचाप दुनिया के कई देशों में लॉन्च कर दिया है। यह टूल पहले चीन में पेश किया गया था और अब इसे धीरे-धीरे दूसरे क्षेत्रों में बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने इसे अपने एडिटिंग प्लेटफॉर्म कैपकट के जरिए उपलब्ध कराया है, जहां फिलहाल यह सीमित पेड यूजर्स के लिए शुरू किया गया है।
खासियत
टूल की खासियत और क्षमता
सीडेंस 2.0 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह साधारण टेक्स्ट लिखने पर ही हॉलीवुड जैसी क्वालिटी वाले वीडियो बना सकता है। यह मॉडल यूजर्स को अलग-अलग सीन, स्टाइल और ट्रांजिशन के साथ वीडियो तैयार करने की सुविधा देता है। इसकी वजह से कंटेंट बनाना पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो गया है। इस टूल ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काफी चर्चा पैदा की है, क्योंकि यह वीडियो बनाने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है।
चिंता
सेफ्टी और कॉपीराइट से जुड़ी चिंता
इस टूल को लेकर कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं। बड़े स्टूडियो जैसे डिज्नी और नेटफ्लिक्स ने कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर सवाल उठाए हैं। कंपनी ने कहा है कि इस टूल में सख्त सुरक्षा उपाय जोड़े गए हैं, ताकि बिना अनुमति किसी की तस्वीर या कंटेंट का इस्तेमाल न हो। फिर भी, कानूनी मुद्दों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है और कुछ जगहों पर इसका लॉन्च रुका भी था।
असर
अन्य अपडेट और इंडस्ट्री पर असर
बाइटडांस लगातार AI सेक्टर में निवेश बढ़ा रही और नए टूल्स पर काम कर रही है। कंपनी ने हाल ही में अपने गेमिंग एसेट मूनटन को करीब 6 अरब डॉलर (लगभग 550 अरब रुपये) में बेचने का फैसला लिया है। वहीं दूसरी ओर OpenAI ने अपनी वीडियो जेनरेशन सर्विस सोरा को बंद करने की घोषणा की है। इससे साफ है कि AI इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और कंपनियां नए तरीके से काम करने पर फोकस कर रही हैं।