बाइटडांस डोबाओ चैटबॉट के लिए इस्तेमाल करेगी स्वदेशी AI चिप्स
टिक-टॉक निर्माता बाइटडांस अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट डोबाओ को और दमदार बनाने के लिए शंघाई की इलुवाटर कोरएक्स से AI चिप्स खरीदने के लिए बात कर रही है।
इस कदम से कंपनी बाहरी तकनीक पर अपनी निर्भरता कम करना चाहती है। यह चीन के अपने घरेलू चिप बनाने वालों को बढ़ावा देने के अभियान से भी जुड़ा है।
अमेरिका की पाबंदियों के कारण बाहर से चिप्स मंगाना मुश्किल होने पर यह फैसला और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
इस साल भेजेगी 50,000 चिप्स
अगर, यह सौदा पूरा होता है तो इलुवाटर कोरएक्स, बाइटडांस के लिए हुआवे और केंब्रिकॉन जैसे अन्य बड़े चीनी चिप सप्लायर्स की सूची में शामिल हो जाएगा।
अनुमान है कि यह कंपनी इस साल बाइटडांस को कम से कम 50,000 चिप्स भेजेगी। यह उस कंपनी के लिए एक बड़ा सौदा है, जो अभी तक अधिकतर सरकारी प्रोजेक्ट्स पर ही काम करती थी।
पिछले साल चीनी GPU और AI चिप बनाने वाली कंपनियों ने देश के AI एक्सेलेरेटर सर्वर मार्केट का लगभग 41 फीसदी हिस्सा अपने नाम किया था। अब वे एनवीडिया जैसे बड़े वैश्विक दिग्गजों को चुनौती दे रही हैं क्योंकि चीन तकनीकी रूप से और आत्मनिर्भर बनना चाहता है।