AI के रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करेगी समिति, बजट में हुई घोषणा
क्या है खबर?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 पेश करते हुए सेवा क्षेत्र पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नई तकनीकों के प्रभाव की समीक्षा के लिए एक नई समिति की घोषणा की है। समिति इस बात का मूल्यांकन करेगी कि AI, ऑटोमेशन और डिजिटल परिवर्तन IT, वित्त, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और लॉजिस्टिक्स सहित अन्य क्षेत्रों में रोजगार के स्वरूप को कैसे बदल रहे हैं। यह मूल्यांकन 2047 तक वैश्विक सेवा बाजार में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने लक्ष्य के मद्देनजर होगा।
घोषणा
उपाय भी सुझाएगी समिति
सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा, "युवा भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मैं शिक्षा से रोजगार और उद्यम पर एक उच्च-स्तरीय स्थायी समिति गठित करने का प्रस्ताव करती हूं, जो सेवा क्षेत्र पर केंद्रित उपायों की सिफारिश करेगी।" समिति विकास, रोजगार और निर्यात की संभावनाओं को अधिकतम करने के लिए क्षेत्रों को प्राथमिकता देगी। साथ ही AI सहित उभरती प्रौद्योगिकियों के रोजगार और कौशल पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन कर इसके लिए उपाय प्रस्तावित करेगी।
उम्मीद
तकनीकी कंपनियों को थी बजट से उम्मीदें
यह पैनल विकसित भारत विजन के तहत भारत की दीर्घकालिक विकास रणनीति के अनुरूप कौशल विकास के रास्ते और नीतिगत उपायों की सिफारिश करेगा। मंत्री ने कहा, "अत्याधुनिक तकनीक और AI आर्थिक विकास को कई गुना बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।" बजट पेश होने से पहले भारत की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों को उम्मीद थी कि यह बजट सभी क्षेत्रों में नवाचार और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सहित AI पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को बढ़ावा देगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।