BSNL ने सैटेलाइट फोन खरीदने वालों के लिए लगाई यह शर्त
भारतीय संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने एक नया सैटेलाइट फोन पेश किया है। यह घने जंगल, ऊंचे पहाड़, समुद्र तट के पास या आपदाग्रस्त इलाके जैसी जगहों पर भी आपको संपर्क में रखेगा, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करते।
इस फोन की कीमत 1.34 लाख रुपये रखी गई है। यह खासकर उन लोगों के काम आएगा, जो मुश्किल हालात में काम करते हैं और जिन्हें हर हाल में भरोसेमंद तरीके से संपर्क बनाए रखने की जरूरत होती है।
यह फोन सीधा सैटेलाइट से जुड़ता है। इसे बनाने में इनमार्सेट और दूसरे अंतरराष्ट्रीय भागीदारों ने मिलकर काम किया है।
फोन खरीदने के लिए DoT की अनुमति जरूरी
यह डिवाइस आपातकालीन स्थितियों में बहुत काम आता है, खासकर तब, जब किसी प्राकृतिक आपदा के कारण सामान्य मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो जाते हैं। अगर, आप इसे खरीदना चाहते हैं तो आपको टेलीकॉम विभाग (DoT) से अनुमति लेनी पड़ेगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि सुरक्षा के लिहाज से भारत में सैटेलाइट फोन के इस्तेमाल पर कड़े नियम लागू हैं।