बोइंग स्टारलाइनर 2027 तक बिना चालक दल के फिर भरेगा उड़ान
बोइंग का स्टारलाइनर अब 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में बिना चालक दल के अंतरिक्ष में उड़ान भरने की तैयारी कर रहा है।
असल में इससे पहले इसका पहला मानव मिशन तकनीकी दिक्कतों में फंस गया था, जिसकी वजह से अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस-X के क्रू ड्रैगन से वापस लौटना पड़ा था।
यह नई उड़ान बोइंग को मौका देगी कि वह अपने नए सुधारों को अच्छी तरह से जांच सके, ताकि किसी भी अगले मानव मिशन से पहले सब कुछ एकदम ठीक हो जाए।
नासा ने स्टारलाइनर में 61 सुधार करने को कहा
2024 में अपने मानव मिशन के दौरान स्टारलाइनर को थ्रस्टर में दिक्कतें आईं, जिसकी वजह से अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर तय समय से कहीं ज्यादा अंतरिक्ष में फंसे रह गए थे।
नासा ने इस पूरी घटना की समीक्षा की और बोइंग को सुधारों की एक लंबी-चौड़ी लिस्ट थमा दी, जिसमें कुल 61 सुधार शामिल थे। तब से बोइंग ने अंतरिक्ष यान के थ्रस्टर्स, बैटरीज, पैराशूट्स और भी कई चीजों को अपग्रेड किया है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी भविष्य की उड़ानों के लिए एक नए रॉकेट विकल्प को भी प्रमाणित करने में जुटा है। अगर, सब कुछ ठीक रहा तो 2028 तक स्टारलाइनर फिर से इंसानों को अंतरिक्ष में ले जा सकेगा, जिससे स्पेस-X को ऑर्बिट में एक और साथी मिल जाएगा।