माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ओपन-सोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को लेकर गंभीर चेतावनी दे रहे हैं।
उनका कहना है कि ये मॉडल चुपचाप अस्पतालों और पावर ग्रिड को निशाना बना सकते हैं। ऐसा वे उन सॉफ्टवेयर कमियों को ढूंढकर करेंगे, जिन पर कोई तब तक ध्यान नहीं देगा, जब तक बहुत देर न हो जाए।
फ्यूचर ऑफ AI समिट में उन्होंने बताया कि इन छिपी हुई कमियों को ठीक करने में करीब 5 साल लग सकते हैं, भले ही सभी लोग अपना सारा काम छोड़कर केवल इसी पर ध्यान दें।
सख्त नियम बनाने पर जोर
गेट्स का मानना है कि सरकारों को आधुनिक AI मॉडल्स को लेकर सख्त नियम बनाने चाहिए। खास तौर पर इसलिए भी क्योंकि अमेरिका में इन टूल्स को लॉन्च करने से पहले किसी तरह की आधिकारिक समीक्षा की जरूरत नहीं होती।
उन्होंने आज के खतरों को उन दमदार कोडिंग टूल्स से भी जोड़ा, जो अब इंसानों से बेहतर कोड लिख सकते हैं।
इस चिंता को माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला ने भी उठाया है। हैकिंग के खतरों के अलावा गेट्स को डर है कि AI कोविड-19 से भी कहीं ज्यादा खतरनाक चीज बनाने में मदद कर सकता है।