बिल गेट्स की AI को संभालने के लिए अमेरिका-चीन को साथ आने की अपील
माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को कैसे संभाला जाए, इस पर अमेरिका और चीन को साथ मिलकर काम करना चाहिए।
रायटर्स के साथ बातचीत में उन्होंने AI को एक 'एलियन इंटेलिजेंस' बताया, जो समाज का पूरा स्वरूप बदल सकती है। गेट्स ने यह भी कहा कि ज्यादातर सरकारें इसकी तेज रफ्तार को संभालने के लिए अभी तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे इस साल के आखिर में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
गेट्स फाउंडेशन AI पर खर्च करेगी एक अरब डॉलर
गेट्स को इस बात की चिंता है कि AI के कारण लोगों की नौकरियां जा सकती हैं, सुरक्षा से जुड़े खतरे बढ़ सकते हैं और लोग इससे से भावनात्मक रूप से बहुत ज्यादा जुड़ सकते हैं।
फिर भी उनका मानना है कि अगर, सोच-समझकर इसका इस्तेमाल किया जाए तो AI अमीर और गरीब देशों के बीच की खाई को पाट सकता है।
इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उनका फाउंडेशन अगले 2 सालों में कम से कम एक अरब डॉलर खर्च (करीब 95 अरब रुपये) करेगा।
इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवा और खेती-किसानी में इस तकनीक का इस्तेमाल करने में मदद करना है।