बेंगलुरु के इंजीनियर ने सड़क के गड्ढों की सटीक जानकारी देने वाला AI टूल बनाया
बेंगलुरु के इंजीनियर गौरव सेन ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाला खास टूल बनाया है, जो महज 4 सेकेंड में सड़क के गड्ढों की शिकायत का पूरा ब्यौरा तैयार कर देता है।
इस टूल के लिए डैशकैम, ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) और एक्सेलेरोमीटर का इस्तेमाल होता है। आप जैसे ही गाड़ी चलाते हैं, यह सड़क को रिकॉर्ड कर लेता है और रिकॉर्ड किए गए वीडियो से गड्ढों को पहचान जाता है।
यह उनकी सही जगह (लोकेशन) दर्ज कर लेता है, उनकी तस्वीरें लेता है और आकार के हिसाब से उन्हें छांट देता है। गौरव सेन को यह टूल बनाने की प्रेरणा अपनी उन यात्राओं से मिली, जहां उन्हें गड्ढों से भरी सड़कों पर काफी परेशानी होती थी।
गड्ढों को 2,900 सरकारी अनुबंधों से जोड़ता है ऐप
यह ऐप हर रिपोर्ट किए गए गड्ढे को लगभग 2,900 सरकारी सड़क अनुबंधों से जोड़ता है। इसका मतलब है कि आप यह जान सकते हैं कि किस ठेकेदार की जिम्मेदारी है और किस सरकारी विभाग को उसकी मरम्मत करवानी चाहिए।
यह उन सड़कों के लिए बेहद फायदेमंद है, जो अभी भी वारंटी अवधि में हैं। गौरव सेन ने 5 अगस्त को इंस्टाग्राम पर इस ऐप का डेमो दिया, जिसमें उन्होंने दिखाया कि यह कितनी आसानी से बृहन्मुंबई नगर निगम या बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के लिए शिकायत तैयार कर सकता है। भारत में हर साल सड़क के गड्ढों के कारण होने वाले हादसों में 2,000 से ज्यादा लोगों की जान जाती है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के लिए यह एक बहुत बड़ा बदलाव ला सकता है।