बैंक ऑफ बड़ौदा ने लॉन्च किया AI आधारित बॉब वर्ल्ड 2.0 ऐप
बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान अपना नया ऐप बॉब वर्ल्ड 2.0 लॉन्च किया है। यह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मोबाइल बैंकिंग ऐप है, जिसे बैंकिंग को और आसान और पर्सनलाइज्ड बनाने के लिए तैयार किया गया है।
इसमें वॉयस-इनेबल्ड फीचर्स, स्मार्ट मनी मैनेजमेंट टूल्स और दमदार सुरक्षा मिलती है। यह ऐप बैलेंस चेक करने से लेकर अपने वित्त को प्लान करने तक हर काम को आसान बना देता है।
बोलकर कर सकते हैं लेन-देन
इस ऐप में आप बोलकर ही अपने लेन-देन निपटा सकते हैं और कई सर्विसेज का फायदा उठा सकते हैं। अब बार-बार टैप करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह ऐप अलग-अलग यूजर्स जैसे मिलेनियल्स (जनरेशन Y), अप्रवासी भारतीय (NRI), महिलाएं और वरिष्ठ लोगों के लिए खास तरह के अनुभव भी देता है।
बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) देबदत्त चांद ने कहा कि बॉब वर्ल्ड 2.0 का मकसद सुरक्षित टेक्नोलॉजी और पर्सनलाइज्ड टूल्स के साथ ग्राहकों की उम्मीदों पर खरा उतरना है।
साथ ही, यह BOB की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत वह अपने बड़े ग्लोबल कस्टमर बेस के लिए डिजिटल बैंकिंग को और भी आसान बनाना चाहता है।