उड़न तश्तरी पर अब वैज्ञानिक देंगे जवाब, व्हाइट हाउस ने एवी लोएब को सौंपी जिम्मेदारी
हार्वर्ड के एस्ट्रोफिजिसिस्ट एवी लोएब को व्हाइट हाउस की नई अनआइडेंटिफाइड एनोमलस फिनोमिना (UAP) साइंस एडवाइजरी काउंसिल का मुखिया बनाया गया है।
यह समूह आसमान, पानी और अंतरिक्ष में दिखने वाली रहस्यमयी घटनाओं की गहराई से पड़ताल करेगा, जिन्हें लोग अक्सर उड़न तश्तरी (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) भी कहते हैं।
पेंटागन, नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक का कार्यालय और फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) जैसी प्रमुख एजेंसियां इस समूह को पूरा समर्थन दे रही हैं।
इनका लक्ष्य है कि जिस विषय को अभी तक सिर्फ अफवाहों से जोड़ा जाता रहा है, उसे सच्चे वैज्ञानिक तरीके और ठोस डाटा के आधार पर परखा जाए।
सरकार से पारदर्शिता और फंडिंग की मांग
लोएब बताते हैं कि इस पूरे काम में सबूत और पारदर्शिता सबसे जरूरी हैं। इस काउंसिल में एस्ट्रोफिजिक्स, ओशनोग्राफी, साइकोलॉजी और कई दूसरे विज्ञान के क्षेत्रों के वैज्ञानिक शामिल हैं।
वे चाहते हैं कि सरकार और शोधकर्ताओं के बीच बातचीत पहले से बेहतर हो। इसके साथ ही, वे सरकार से ज्यादा पारदर्शिता और पर्याप्त फंडिंग की मांग कर रहे हैं, ताकि सामने आने वाली जानकारियों पर लोग पूरा भरोसा कर सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर, इस काउंसिल को अच्छा डाटा और पर्याप्त समर्थन मिलता है तो शायद हमें इन रहस्यमयी घटनाओं के असली जवाब मिल पाएंगे। साथ ही, यह भी पता चल पाएगा कि धरती की सुरक्षा के लिए इनका क्या मायने है।