स्मार्ट ग्लासेज बनाने वाली सबवोकल ने जुटाए 13 लाख डॉलर
सैन फ्रांसिस्को स्थित एक हार्डवेयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप द सबवोकल कंपनी के संस्थापक आरुष यादव और अर्णव कुमार ने 13 लाख डॉलर (करीब 12 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।
उनका मकसद ऐसे खास चश्मे बनाना है, जो आपके मुंह की खामोश हरकतों को पल भर में टेक्स्ट में बदल दें। अब न कुछ टाइप करने की जरूरत पड़ेगी, न ही जोर से बोलने की। बस चश्मा पहनिए और चुपचाप बात कीजिए।
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर भी या जब आप अपनी बात किसी से निजी तौर पर कहना चाहते हों यह चश्मा आपके काम आएगा।
200 से ज्यादा शब्द टेक्स्ट में बदलता है प्रति मिनट
ये चश्मे रेडियो-फ्रीक्वेंसी सेंसर (कैमरे नहीं) का इस्तेमाल करते हैं। ये सेंसर आपके मुंह से शब्द बोलते समय चेहरे की मांसपेशियों में होने वाली बहुत बारीक हरकतों को पढ़ते हैं और उन्हें 200 शब्द प्रति मिनट से भी तेज रफ्तार से टेक्स्ट में बदल देते हैं। ये चश्मे न तो कोई आवाज रिकार्ड करते हैं और न ही कोई वीडियो बनाते हैं, जिससे आपकी बातचीत पूरी तरह गोपनीय रहती है। अभी इन चश्मों की प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो गई है। इनकी सामान्य कीमत 699 डॉलर (करीब 66,000 रुपये) रखी गई है, लेकिन जो ग्राहक पहले इन्हें बुक करेंगे, उन्हें ये 499 डॉलर (करीब 47,000 रुपये) में मिल जाएंगे।