Page Loader
कृत्रिम मानव DNA बनाने का काम हुआ शुरू, जानिए कैसे किया जा रहा तैयार
कृत्रिम मानव DNA बनाने का काम हुआ शुरू (तस्वीर: पिक्साबे)

कृत्रिम मानव DNA बनाने का काम हुआ शुरू, जानिए कैसे किया जा रहा तैयार

Jun 26, 2025
01:55 pm

क्या है खबर?

दुनिया में पहली बार वैज्ञानिक एक ऐसा प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं, जिसमें इंसानी DNA को पूरी तरह से नया बनाकर तैयार किया जाएगा। यानी वे पहले से बने DNA को बदलने के बजाय, एक-एक अंश को जोड़कर ताजा DNA तैयार करेंगे। इस काम की शुरुआत ब्रिटेन की एक संस्था वेलकम ट्रस्ट ने की है, जिसने इसके लिए लगभग 120 करोड़ रुपये दिए हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह जैविक विज्ञान में एक नई क्रांति ला सकता है।

प्रक्रिया

कैसे तैयार किया जा रहा है नया DNA?

वैज्ञानिक अब ऐसा तरीका खोज रहे हैं, जिससे इंसानी DNA को प्रयोगशाला में खुद से जोड़कर बनाया जा सके। इसके लिए वे छोटे-छोटे DNA टुकड़े तैयार करेंगे और उन्हें मिलाकर पूरे गुणसूत्र बनाएंगे। इन गुणसूत्रों में वे सभी जानकारियां होती हैं जो हमारे शरीर को बनाती हैं और चलाती हैं। इस काम में कोई तैयार कोशिका नहीं ली जाएगी, बल्कि सब कुछ शुरुआत से तैयार किया जाएगा, जिससे वैज्ञानिकों को DNA को बेहतर समझने का मौका मिलेगा।

मदद 

बीमारियों के इलाज में मिल सकती है मदद 

इस रिसर्च का मुख्य उद्देश्य इंसानों को गंभीर बीमारियों से बचाना और नई चिकित्सा पद्धतियां विकसित करना है। वैज्ञानिक उम्मीद कर रहे हैं कि नए तरीके से तैयार किए गए DNA की मदद से ऐसे अंग तैयार किए जा सकेंगे जो बीमारियों से लड़ने में सक्षम हों। इससे हार्ट, लिवर और इम्यून सिस्टम जैसी समस्याओं में बेहतर इलाज मिल सकेगा। इसके साथ ही, उम्र बढ़ने पर भी बीमारियां कम होंगी और लोग ज्यादा स्वस्थ रह सकेंगे।

चिंताएं

चिंताएं और एहतियात दोनों जरूरी 

यह प्रोजेक्ट बहुत उम्मीदें लेकर आया है, लेकिन कुछ वैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता इससे जुड़ी आशंकाएं भी जता रहे हैं। उन्हें डर है कि इस तकनीक का गलत इस्तेमाल कर कोई डिजाइनर इंसान या जैविक हथियार भी बना सकता है। इसीलिए इस प्रोजेक्ट में नैतिकता पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही, समाजशास्त्रियों की एक टीम भी इसमें शामिल की गई है, जो आम लोगों की राय और चिंताओं को समझकर उसका समाधान सुझाएगी।