एक नए शोध में सामने आया है कि वायग्रा जैसी AR1001 नाम की एक दवा अल्जाइमर की शुरुआती स्टेज वाले मरीजों में याददाश्त घटने की गति को करीब एक-तिहाई तक धीमा कर सकती है।
यह शोध 13 देशों में की गई थी। इसमें पाया गया कि यह दवा उन मरीजों पर सबसे अच्छा काम करती है, जो अल्जाइमर की कोई और दवा नहीं ले रहे थे।
विशेषज्ञ इसे एक बड़ा और उम्मीद जगाने वाला कदम बता रहे हैं, जिससे इस बीमारी के इलाज का तरीका बदल सकता है।
नियामक जांच की जरूरत
AR1001 दिमाग में खून के बहाव को बढ़ाता है, जिससे याददाश्त बेहतर हो सकती है। इसको बनाने वाली दक्षिण कोरिया की कंपनी एरिबायो ने अपने शाेध में बताया कि उन्होंने 604 ऐसे लोगों पर नजर रखी, जो अल्जाइमर के लिए कोई और दवा नहीं ले रहे थे।
कंपनी ने दावा किया कि जिन मरीजों ने केवल AR1001 ली, उन्हें इससे काफी फायदा हुआ। हालांकि, जो मरीज पहले से दूसरे इलाज ले रहे थे, उन पर इस दवा का असर उतना दमदार नहीं दिखा।
शोधकर्ताओं का कहना है कि अल्जाइमर के इलाज के लिए इस रोजाना एक बार ली जाने वाली टैबलेट को डॉक्टर तब तक नहीं लिख सकते, जब तक इस पर और शोध न हो जाए और नियमक जांचें पूरी न हो जाएं।